सितंबर में होगी बल्क ड्रग पार्क की पहली ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी : मुकेश अग्निहोत्री
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के नंगल खुर्द में नेस्ले इंडिया एवं एस.एम. सहगल फाउंडेशन के सहयोग से एकीकृत ग्रामीण विकास परियोजना का शुभारंभ किया। हरोली विकास खंड के नंगल कलां, नंगल खुर्द, गोंदपुर जयचंद, हरोली, दुलैहड़ और बाथड़ी गांवों में संचालित होने वाली इस परियोजना के माध्यम से जल संरक्षण, स्वच्छता, कृषि, पोषण, शिक्षा, स्कूल उन्नयन, कौशल विकास और सामुदायिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में कार्य किए जाएंगे
यंगवार्ता न्यूज ऊना, 8 जुलाई, 2026 :
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के नंगल खुर्द में नेस्ले इंडिया एवं एस.एम. सहगल फाउंडेशन के सहयोग से एकीकृत ग्रामीण विकास परियोजना का शुभारंभ किया। हरोली विकास खंड के नंगल कलां, नंगल खुर्द, गोंदपुर जयचंद, हरोली, दुलैहड़ और बाथड़ी गांवों में संचालित होने वाली इस परियोजना के माध्यम से जल संरक्षण, स्वच्छता, कृषि, पोषण, शिक्षा, स्कूल उन्नयन, कौशल विकास और सामुदायिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में कार्य किए जाएंगे। परियोजना से 6 गांवों के 9 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा। इस अवसर पर नेस्ले इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मनीष तिवारी, एस.एम. सहगल फाउंडेशन की ट्रस्टी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंजलि मखीजा तथा नेस्ले इंडिया के कॉर्पोरेट अफेयर्स के निदेशक कुंवर हिम्मत सिंह भी उपस्थित रहे।
दुष्प्रचार से नहीं रुकेगी बल्क ड्रग पार्क की रफ्तार
उपमुख्यमंत्री ने हरोली में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि लगभग 2,200 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे बल्क ड्रग पार्क की पहली ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी इसी वर्ष सितंबर में आयोजित करने की तैयारी है। उन्होंने संयुक्त निदेशक उद्योग को निर्देश दिए कि इसके लिए सभी प्रबंध समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि सितंबर में यह समारोह हर हाल में आयोजित हो सके। उन्होंने बताया कि सीवरेज, पेयजल तथा बॉयलर सहित आधारभूत ढांचे से जुड़े करीब 1,000 करोड़ रुपये के कार्यों के टेंडर पहले ही जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर दुष्प्रचार कर रहे हैं, लेकिन इससे बल्क ड्रग पार्क की रफ्तार नहीं रुकेगी। प्रदेश सरकार इस परियोजना को हर हाल में साकार करेगी और इसके निर्माण से पूरे क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदलेगी तथा हिमाचल के औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
नेस्ले से टाहलीवाल इकाई के विस्तार का आग्रह
उपमुख्यमंत्री ने नेस्ले इंडिया प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नेस्ले विश्व की अग्रणी खाद्य एवं पेय कंपनियों में से एक है, जिसकी देश-दुनिया में मजबूत पहचान है। उन्होंने कहा कि जब वे हिमाचल प्रदेश हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष थे, तब इस भूमि का अधिग्रहण आवासीय कॉलोनी के लिए किया गया था। इसी दौरान टाहलीवाल में नेस्ले संयंत्र स्थापित करने का प्रस्ताव आया, जिसके बाद यह भूमि उद्योग की स्थापना के लिए उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 16 वर्षों में इस संयंत्र ने क्षेत्र के औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने नेस्ले इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मनीष तिवारी से टाहलीवाल इकाई के विस्तार का आग्रह करते हुए कहा कि उनकी इच्छा है कि देशभर में नेस्ले की जितनी भी इकाइयां हैं, उनमें सबसे अधिक उत्पादन टाहलीवाल इकाई से हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग देगी। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि कंपनी अपनी अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता और मानकों को बनाए रखते हुए सीएसआर योजनाओं को स्थानीय जरूरतों और ग्रामीण परिस्थितियों के अनुरूप तैयार करे, ताकि उनका लाभ गांवों तक और अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
सीएसआर का लाभ सबसे पहले स्थानीय क्षेत्र को मिले
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली में स्थापित बड़े उद्योगों को अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत स्थानीय क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उद्योग यहां काम करें, प्रगति करें और सीएसआर का लाभ भी सबसे पहले इसी क्षेत्र के लोगों को मिले। उन्होंने उद्योग विभाग तथा हरोली इंडस्ट्रियल एसोसिएशन से इस दिशा में मिलकर कार्ययोजना तैयार करने को कहा, ताकि सीएसआर के माध्यम से गांवों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को और गति मिल सके।
विकास ही हरोली की पहचान
श्री अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है। पेयजल एवं सिंचाई परियोजनाओं पर लगभग 1,000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं तथा 325 से अधिक ट्यूबवेल स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने टाहलीवाल में क्रियान्वित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि टाहलीवाल में सीवरेज परियोजना के लिए 24 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। यहां ड्रेनेज परियोजना की भी डीपीआर तैयार की जा रही है। अग्निशमन केंद्र का उन्नयन, नए थाना भवन का निर्माण के साथ ही अनेक विकास कार्यों को गति दी गई है ।
सीसीटीवी निगरानी से सुसज्जित हरोली
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे हरोली विधानसभा क्षेत्र को आधुनिक सीसीटीवी नेटवर्क से जोड़ा गया है। प्रमुख चौकों, चौराहों और सीमावर्ती क्षेत्रों में करीब 200 हाईटेक कैमरे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में सीसीटीवी की मदद से चोरी की घटनाओं में शामिल लोगों को शीघ्र पकड़ा गया है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था असामाजिक तत्वों के लिए साफ संदेश है कि हरोली में उनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। अब यहां अपराध करने की कोशिश करने वालों के लिए बच निकलना संभव नहीं होगा। उपमुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पोषण एवं स्वच्छता संबंधी जागरूकता के लिए तैयार 'न्यूट्रिशन बुकलेट' का विमोचन भी किया। नेस्ले इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मनीष तिवारी ने कहा कि गांवों का विकास उनके लिए व्यक्तिगत प्रतिबद्धता का विषय है। उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत महिलाओं, किसानों, युवाओं, शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ मिलकर कृषि, पोषण, जल संरक्षण, शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्रों में स्थायी परिवर्तन लाने का प्रयास किया जाएगा।
एस.एम. सहगल फाउंडेशन की ट्रस्टी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंजलि मखीजा ने कहा कि नेस्ले इंडिया और एस.एम. सहगल फाउंडेशन वर्ष 2019 से देश के विभिन्न राज्यों में ग्रामीण विकास की परियोजनाओं पर मिलकर काम कर रहे हैं। इस परियोजना के माध्यम से ग्राम विकास समितियों को सशक्त बनाने के साथ-साथ ग्रामीण समुदायों को सरकारी योजनाओं और तकनीकी सहयोग से जोड़ा जाएगा।
नेस्ले इंडिया के निदेशक (कॉर्पोरेट अफेयर्स, सस्टेनेबिलिटी एवं सीएसआर) कुँवर हिम्मत सिंह ने कहा कि मजबूत गांव ही मजबूत भारत की नींव हैं और नेस्ले इंडिया ग्रामीण समुदायों के सतत एवं समावेशी विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। कार्यक्रम के दौरान नंगल खुर्द विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में एसएम सहगल फाउंडेशन की प्रतिनिधि देबिका गोस्वामी ने सभी का आभार जताया।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस महासचिव रणजीत राणा, ब्लॉक कांग्रेस हरोली के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री,जल प्रबंधन बोर्ड के सदस्य पवन ठाकुर,एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, डीएसपी मोहन रावत, संयुक्त निदेशक उद्योग अंशुल धीमान, उपनिदेशक उच्च शिक्षा अनिल तक्की, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नंगल कलां की प्रधानाचार्य मीनाक्षी गुप्ता, नेस्ले इंडिया टाहलीवाल इकाई के फैक्टरी मैनेजर अमित कुमार, हरोली इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कौशल, जिला परिषद सदस्य सुलिंद्र कौर एवं ज्योति बाला, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन ठाकुर, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत राय, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद कुमार, प्रकाश ढांगू, संदीप भोला, अंजना कुमारी, सुमित शर्मा, छह पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?


