नगर निगम चुनाव नतीजों पर बोले लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, पार्टी को मजबूत करने पर किया जाएगा फोकस
हिमाचल प्रदेश के चार में से तीन नगर निगमों में बीजेपी की जीत और जिला परिषद चुनावों में भाजपा की बढ़त ने कांग्रेस की चिंता बढ़ा दी है। चुनावी नतीजों पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी नगर निगम चुनावों में हुई हार को लेकर आत्ममंथन करेगी और संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा।
यंगवार्ता न्यूज शिमला 1 जून, 2026 :
हिमाचल प्रदेश के चार में से तीन नगर निगमों में बीजेपी की जीत और जिला परिषद चुनावों में भाजपा की बढ़त ने कांग्रेस की चिंता बढ़ा दी है। चुनावी नतीजों पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी नगर निगम चुनावों में हुई हार को लेकर आत्ममंथन करेगी और संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस की नई बॉडी के साथ सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ा जाएगा और सभी को साथ लेकर चलने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने माना कि तीन नगर निगमों में पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली, लेकिन इसके कारणों पर पार्टी स्तर पर चर्चा और समीक्षा की जाएगी।
विक्रमादित्य सिंह ने पंचायत चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन को बेहतर बताया। उन्होंने कहा कि पालमपुर क्षेत्र में कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन किया है और कई क्षेत्रों में पार्टी समर्थित उम्मीदवारों को जनता का समर्थन मिला है।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि पंचायत चुनावों में उम्मीदवार का व्यवहार, स्थानीय रिश्तेदारियां और सामाजिक जुड़ाव अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रधानों की विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका रहती है, इसलिए इन चुनावों का स्थानीय स्तर पर विशेष महत्व होता है। उन्होंने पंचायत चुनावों में जीत दर्ज करने वाले सभी प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है। वहीं, बीजेपी द्वारा किए जा रहे दावों पर उन्होंने कहा कि स्थिति जल्द स्पष्ट हो जाएगी।
What's Your Reaction?


