जिला परिषद सदस्य अंकिता ठाकुर ने विकास को लेकर कही बड़ी बात, गृहक्षेत्र में गर्मजोशी से हुआ स्वागत
उपमंडल संगड़ाह के अंतर्गत जिला परिषद वार्ड नंबर-02 से विजयी होकर लौटीं अंकिता ठाकुर का अपने गृह क्षेत्र हरिपुरधार पहुंचने पर महिलाओं एवं स्थानीय लोगों ने माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने उन्हें जीत की बधाई दी और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की उम्मीद जताई।
यंग वार्ता न्यूज हरिपुरधार (लालसिंह)-01/जून/2026 :
उपमंडल संगड़ाह के अंतर्गत जिला परिषद वार्ड नंबर-02 से विजयी होकर लौटीं अंकिता ठाकुर का अपने गृह क्षेत्र हरिपुरधार पहुंचने पर महिलाओं एवं स्थानीय लोगों ने माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने उन्हें जीत की बधाई दी और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की उम्मीद जताई।
जनसभा को संबोधित करते हुए अंकिता ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र की वर्तमान स्थिति को देखकर उन्हें गहरा दुःख होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर संगड़ाह क्षेत्र और विशेषकर मेहल इलाके की लंबे समय तक अनदेखी की गई है, जिसके कारण आज भी लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। कई विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं सड़क मार्गों पर मौजूद ब्लैक स्पॉट और खराब हालत लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बने हुए हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण ग्रामीणों को उपचार के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों का रुख करना पड़ता है।
अंकिता ठाकुर ने कहा कि जिला परिषद सदस्य के रूप में उनकी प्राथमिकता क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं का समाधान करवाना होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाने तथा सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को गति देने के लिए वह सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से आवाज उठाएंगी।उन्होंने क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरने के लिए वह पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगी। क्षेत्र के समग्र विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
What's Your Reaction?


