हिमाचल पुलिस बैंड के प्रभारी विजय कुमार सस्पेंड, सोशल मीडिया से कमाई के आरोप
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने लोकप्रिय पुलिस ऑर्केस्ट्रा 'हार्मनी ऑफ द पाइंस' के प्रमुख कलाकार और निरीक्षक विजय कुमार को विभाग को सूचना दिए बिना सोशल मीडिया मंचों से आय अर्जित करने के आरोप में निलंबित कर दिया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक तिवारी ने मामले की विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं। यह जांच पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) स्तर के अधिकारी करेंगे और उन्हें तीन महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी।
सूत्रों के मुताबिक, राज्य पुलिस ऑर्केस्ट्रा के प्रमुख और गायक विजय कुमार ने केंद्रीय सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमों का उल्लंघन करते हुए सोशल मीडिया मंचों से करीब 6,000 रुपये की आय अर्जित की। आरोप है कि उन्होंने इसकी जानकारी विभाग को नहीं दी। विजय कुमार के इंस्टाग्राम पर एक लाख से अधिक और फेसबुक पर 50 हजार से ज्यादा 'फॉलोअर' हैं।
What's Your Reaction?


