यंगवार्ता न्यूज - कांगड़ा 12 सितंबर :
सुंदरनगर उपमंडल के डैहर क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। जडोल क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने डैहर सतलुज पुल से नदी में छलांग लगा दी। महिला के नदी में गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि घटना के बाद स्थानीय युवाओं ने बिना समय गंवाए सतलुज नदी में छलांग लगाकर महिला को बाहर निकाला। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। महिला ने पुल से छलांग क्यों लगाई, इसके कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस द्वारा मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।