शिक्षक दिवस पर GPS अरलू के बच्चों को मिला खास तोहफा, 42 विद्यार्थियों को बांटे ट्रैकसूट व जूते
शिक्षक दिवस का दिन राजकीय प्राथमिक पाठशाला अरलू के लिए ऐतिहासिक और यादगार बन गया। जवाहर नवोदय विद्यालय नाहन के भूतपूर्व छात्र संगठन JNVNAA द्वारा गोद लिए गए इस विद्यालय के 42 बच्चों को शिक्षक दिवस के अवसर पर ट्रैकसूट और जूते वितरित किए गए।
गौरतलब है कि 21 फरवरी 2026 को जवाहर नवोदय विद्यालय नाहन के भूतपूर्व छात्र संगठन द्वारा जिला सिरमौर की राजकीय प्राथमिक पाठशालाओं को गोद लेने की पहल इसी पंचायत से शुरू की गई थी। इसके बाद ग्राम पंचायत क्षेत्र के 14 नवोदयन्स ने 7 मई 2026 को राजकीय प्राथमिक पाठशाला अरलू को गोद लिया। तब से नवोदयन्स द्वारा विद्यालय की समय-समय पर देखरेख और भ्रमण किया जा रहा है।
इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए शिक्षक दिवस के अवसर पर एकलव्य कंप्यूटर अकादमी एवं लाइब्रेरी, पांवटा साहिब के संचालक अजय तोमर, जो जवाहर नवोदय विद्यालय नाहन के वर्ष 2016 बैच के पूर्व छात्र हैं, ने विद्यालय के सभी 42 बच्चों के लिए ट्रैकसूट और जूतों की व्यवस्था की।
कार्यक्रम में JNVNAA के अध्यक्ष राम लाल शर्मा, तहसीलदार विनोद कुमार, डॉ. अमित वर्मा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भुजौंड के वाइस प्रिंसिपल पंकज कुमार तथा वेटनरी फार्मासिस्ट विनीत चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके अलावा स्थानीय प्रधान चंदर देव, वार्ड सदस्य सुरेश, स्थानीय ठेकेदार राजेश कुमार सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
इस दौरान तहसीलदार विनोद कुमार ने बच्चों और उनके अभिभावकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा और खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने अधिक से अधिक बच्चों को जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के बच्चों और अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक कदम बताया। सभी नवोदयन्स और ग्राम पंचायत भाटन भुजौंड ने अजय तोमर का बच्चों के लिए किए गए इस नेक सहयोग के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
What's Your Reaction?

