यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 13-02-2026
अक्षरधाम पब्लिक स्कूल में दसवीं के छात्रों के लिए फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कक्षा दसवीं और नौवीं के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजेश सैनी ने कहा कि छात्रों को निरंतर आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में छात्रों को एक लक्ष्य निर्धारित करना होगा।
तभी वह कामयाबी की सीढ़ियां चढ़ सकते हैं। प्रधानाचार्य ने कहा कि लक्ष्य निर्धारित व्यक्ति कभी भी असफल नहीं रह सकता। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियां की सराहना करते हुए कहा के कई विद्यार्थियों ने स्कूल का नाम रोशन किया है। इस अवसर पर नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने गीत , नृत्य एवं भाषण प्रस्तुत किया। साथ ही अपने वरिष्ठ छात्रों को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम में कुमारी अंजलि को मिस फेयरवेल जबकि मास्टर श्लोक को मिस्टर फेयरवेल मनोनीत किया गया।
इसके अलावा कुमारी स्नेहा गौड़ को मिस पर्सनालिटी और मास्टर शिवांश को मिस्टर पर्सनालिटी चयनित किया गया। कार्यक्रम में दसवीं कक्षा के छात्रों ने अपने कनिष्ठ छात्रों के साथ अनुभव साझा किया और उनका आभार व्यक्त किया। दसवीं कक्षा के छात्रों ने अपने शिक्षकों का भी आभार व्यक्त किया कि उन्होंने हमेशा ही छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।