कालका से शिमला आने वाली ट्रेनों में 10 जनवरी तक एडवांस बुकिंग शुरू
विंटर टूरिस्ट सीजन और व्हाइट क्रिसमस की आस में हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला आने वाले सैलानियों की संख्या बढ़ना शुरू हो गई है। कालका से शिमला आने वाली ट्रेनों में 10 जनवरी तक एडवांस बुकिंग चल रही
यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 20-12-2025
विंटर टूरिस्ट सीजन और व्हाइट क्रिसमस की आस में हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला आने वाले सैलानियों की संख्या बढ़ना शुरू हो गई है। कालका से शिमला आने वाली ट्रेनों में 10 जनवरी तक एडवांस बुकिंग चल रही है। कई यात्री वेटिंग में टिकट का इंतजार कर रहे हैं। वीकेंड पर अप और डाउन में भी सभी ट्रेनें पैक हैं।
इस वीकेंड पर सैलानियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। वहीं बर्फबारी की आस में भी बड़ी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे हैं। रिज मैदान सहित माल रोड पर सैलानियों की खूब भीड़ है। उधर, विंटर कार्निवल को लेकर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। टाउन हॉल, गेयटी थियेटर और क्राइस्ट चर्च को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है।
शनिवार को बादल छाए रहने की वजह से ठंडी हवाएं चलती रहीं। ऐसे में सैलानियों को बर्फबारी की उम्मीद भी है। बाजारों में खरीदारी करने के लिए भी खूब भीड़ रही। इन दिनों दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, अंबाला सहित विदेशों से बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला पहुंच रहे हैं।
शिमला-कालका एक्सप्रेस 52454 और 52458 में 10 जनवरी तक वेटिंग चल रही है। इस वीकेंड पर भी शहर के होटलों में 45 से 50 फीसदी कमरे एडवांस में बुक हो गए हैं। अधिकतर सैलानी क्रिसमस और बर्फबारी की आस में बड़ी संख्या में रुख कर रहे हैं। शुक्रवार शाम से ही सैलानियों के शिमला पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।
इन दिनों सबसे ज्यादा क्रेज कालका-शिमला हेरिटेज ट्रैक पर दौड़ने वाली छुक-छुक चलती ट्रेन का रहता है। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के उप अध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि शिमला में होने विंटर कार्निवल, क्रिसमस और न्यू ईयर के जश्न के लिए एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है।
What's Your Reaction?

