“चिट्टा छोड़ो, खेलो खेल” से गूंजेगा शिमला, समरहिल के दिवंगत क्रिकेटरों की याद में होगा क्रिकेट कार्निवाल

राजधानी शिमला में इस बार क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बल्कि युवाओं को नशे से बचाने और सकारात्मक दिशा देने का बड़ा अभियान बनने जा रहा है। “चिट्टा छोड़ो, खेलो खेल” थीम पर आयोजित होने वाला “शिमला क्रिकेट कार्निवाल 2026” युवाओं में खेल भावना जगाने के साथ-साथ समाज को नशे के खिलाफ मजबूत संदेश देगा।

May 27, 2026 - 19:32
 0  4
“चिट्टा छोड़ो, खेलो खेल” से गूंजेगा शिमला, समरहिल के दिवंगत क्रिकेटरों की याद में होगा क्रिकेट कार्निवाल

शिमला 27  मई : 

राजधानी शिमला में इस बार क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बल्कि युवाओं को नशे से बचाने और सकारात्मक दिशा देने का बड़ा अभियान बनने जा रहा है। “चिट्टा छोड़ो, खेलो खेल” थीम पर आयोजित होने वाला “शिमला क्रिकेट कार्निवाल 2026” युवाओं में खेल भावना जगाने के साथ-साथ समाज को नशे के खिलाफ मजबूत संदेश देगा।

हिमालयन स्पोर्ट्स एंड कल्चर यूथ क्लब शिमला और नगर निगम शिमला के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्निवाल 1 जून से 13 जून तक पुलिस ग्राउंड भराड़ी में आयोजित होगा। खास बात यह है कि प्रतियोगिता को वर्ष 2023 की समरहिल त्रासदी में जान गंवाने वाले चार युवा क्रिकेटरों—संजीव ठाकुर, अविनाश नेगी, अमित ठाकुर और नीरज ठाकुर—की स्मृति को समर्पित किया गया है।

वीओ,,महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा देते हैं। उन्होंने कहा कि आज के दौर में नशे के खिलाफ सबसे प्रभावी हथियार खेल और रचनात्मक गतिविधियां हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 13 जून को होगा, जिसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह मुख्यातिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्निवाल की एक और खासियत यह रहेगी कि पहली बार शिमला में क्रिकेट मुकाबले फ्लडलाइट्स के नीचे डे-नाइट फॉर्मेट में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में नगर निगम के 34 वार्डों से लगभग 50 टीमें हिस्सा लेंगी, जबकि 18 विभागीय टीमें इंस्टीट्यूशनल लीग में उतरेंगी। महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए चार महिला टीमें भी मैदान में उतरेंगी।

संस्था के अध्यक्ष वीरेंद्र बांश्टु ने बताया कि पहले चरण में गली क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित होगी, जबकि दूसरे चरण में चयनित टीमों के बीच प्रोफेशनल नॉकआउट मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के दौरान 12 प्ल खिलाड़ियों को  किट भी वितरित की जाएंगी, ताकि उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिल सके।

आयोजकों के अनुसार यह आयोजन सिर्फ ट्रॉफी जीतने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं को नशे से दूर कर खेल संस्कृति से जोड़ने का सामाजिक अभियान बनेगा। प्रतियोगिता में विजेता टीमों के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार भी रखे गए हैं। वार्ड और डिपार्टमेंटल नॉकआउट वर्ग की विजेता टीम को 1.11 लाख रुपये और उपविजेता को 55 हजार रुपये दिए जाएंगे, जबकि गली क्रिकेट फॉर्मेट में विजेता टीम को 44 हजार और रनरअप टीम को 22 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow