जुन्गा में पुलिस भर्ती के लिए निःशुल्क कोचिंग शुरू- 651 अभ्यर्थी ले रहे प्रशिक्षण
हिमाचल प्रदेश पुलिस में प्रस्तावित 800 पदों पर भर्ती की तैयारी के लिए प्रदेश की प्रथम सशस्त्र वाहिनी जुन्गा में सोमवार से एक माह का निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम शुरू हो गया। इस प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से 651 अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं। प्रथम सशस्त्र वाहिनी जुन्गा के समादेशक भूपेन्द्र सिंह नेगी ने शिविर का विधिवत शुभारंभ किया।
उन्होंने बताया कि प्रथम सशस्त्र वाहिनी जुन्गा प्रदेश का एकमात्र ऐसा पुलिस भर्ती प्रशिक्षण केंद्र है, जहां अभ्यर्थियों को निःशुल्क कोचिंग के साथ आवास, दो समय का भोजन तथा नाश्ते की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अन्य छह भारतीय रिजर्व बटालियनों (आईआरबी) में निःशुल्क कोचिंग तो दी जा रही है, लेकिन वहां भोजन और आवास की सुविधा उपलब्ध नहीं है।
समादेशक ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निर्देशों के अनुरूप प्रदेश के युवाओं को पुलिस भर्ती के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण के लिए पूर्ण रूप से तैयार करना है, ताकि वह बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा अभ्यर्थियों को इनडोर एवं आउटडोर दोनों प्रकार का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनडोर सत्रों में लिखित परीक्षा की तैयारी करवाई जाएगी, जबकि आउटडोर प्रशिक्षण में दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद तथा अन्य शारीरिक दक्षता परीक्षणों का अभ्यास कराया जाएगा। इस कोचिंग कार्यक्रम के माध्यम से दोनों चुनौतियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
भूपेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम को युवाओं का उत्साहजनक प्रतिसाद मिला है। प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को पुलिस भर्ती प्रक्रिया, पात्रता शर्तें, शारीरिक दक्षता एवं मानक परीक्षा, लिखित परीक्षा की तैयारी, व्यक्तित्व विकास, अनुशासन तथा पुलिस सेवा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों का व्यापक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से प्रशिक्षण अवधि के दौरान अनुशासन, समयबद्धता और कर्तव्यपरायणता बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि यह निःशुल्क कोचिंग युवाओं के लिए पुलिस सेवा में चयन का सुनहरा अवसर है, जिसका लाभ पूरी मेहनत और समर्पण के साथ उठाना चाहिए। इस मौके पर सहायक समादेशक हरीश कुमार शर्मा, चिकित्सा अधिकारी अमित शर्मा, रिजर्व निरीक्षक दलीप सिंह, हेड क्लर्क लेडी सब इंस्पेक्टर अनिता सहित बटालियन के अन्य कर्मचारी और जवान मौजूद रहे ।
What's Your Reaction?

