बड़ोल पंचायत की पहली बैठक संपन्न, BPL चयन, नशा मुक्ति और बस सेवा विस्तार पर अहम फैसले
उपमंडल संगड़ाह की उपतहसील हरिपुरधार के पटवार सर्कल बड़ोल अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़ोल की नवगठित पंचायत की पहली बैठक नव निर्वाचित प्रधान अनिल कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में निर्धारित कोरम विधिवत पूरा किया गया।
नवनिर्वाचित प्रधान अनिल कुमार शर्मा और उपप्रधान वीरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि बैठक के दौरान पंचायत से जुड़े विभिन्न विकास एवं जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर बीपीएल परिवारों के चयन के लिए आवेदन पत्र प्राप्त किए गए तथा स्वच्छ भारत मिशन के संबंध में लोगों को आवश्यक जानकारी दी गई।
बैठक में पत्रकार लाल सिंह ने नशा मुक्ति अभियान पर लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि चिट्टे जैसे घातक नशे ने अब गांवों तक अपनी पहुंच बना ली है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अभिभावकों से बच्चों पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार को बर्बादी की ओर ले जाता है।
बैठक में क्षेत्र की परिवहन सुविधा को लेकर भी महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नाहन से कोरग तक चलने वाली मीनू कोच बस, जो सुबह चलकर करीब 11 बजे कोरग पहुंचती है, उसकी सेवा को आगे बढ़ाकर बड़ोल तक संचालित किया जाए। इस संबंध में प्रस्ताव पारित कर जिला प्रशासन और जिला सिरमौर के आरटीओ को भेजने का निर्णय लिया गया।
बैठक के अंत में वार्ड सदस्य दौलत राम, सुमित्रा देवी, नीलम, दुर्गा राम और अनिता सहित ग्राम पंचायत बड़ोल के सचिव जागर सिंह उपस्थित रहे। पंचायत प्रतिनिधियों ने क्षेत्र के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और सामाजिक जागरूकता के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प भी लिया।
What's Your Reaction?


