शिमला-कालका ट्रैक पर खिसकी पहाड़ी, बीच रास्ते में फंसी ट्रेन
कालका-शिमला हैरिटेज रेल मार्ग पर कैथलीघाट और कानों के बीच अचानक पहाड़ी दरकने से रेल यातायात प्रभावित हो गया। गनीमत यह रही कि रेलवे प्रबंधन की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा संकट टल गया। ट्रैक बंद होने के कारण फंसी शिवालिक डीलक्स एक्सप्रैस के सभी 107 यात्रियों को रेलवे ने सुरक्षित निकाल लिया
कालका-शिमला हैरिटेज रेल मार्ग पर कैथलीघाट और कानों के बीच अचानक पहाड़ी दरकने से रेल यातायात प्रभावित हो गया। गनीमत यह रही कि रेलवे प्रबंधन की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा संकट टल गया। ट्रैक बंद होने के कारण फंसी शिवालिक डीलक्स एक्सप्रैस के सभी 107 यात्रियों को रेलवे ने सुरक्षित निकाल लिया। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने रात में विशेष बसों का प्रबंध किया और कनैक्टिंग ट्रेन को भी 1 घंटे तक रोक कर रखा।
उत्तर रेलवे के अनुसार बीती शाम करीब किलोमीटर संख्या 68/13 पर अचानक पहाड़ी से मलबा खिसक कर ट्रैक पर आ गिरा। उस समय गाड़ी संख्या 52452 शिमला-कालका शिवालिक डीलक्स एक्सप्रैस उसी प्रभावित खंड से गुजर रही थी। खतरे को भांपते हुए ट्रेन को रोका गया और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ट्रेन में सवार सभी 107 यात्रियों को सुरक्षित वापस कैथलीघाट स्टेशन लाया गया।
इस संकट के समय रेलवे अधिकारियों ने ट्रेन में मौजूद टीटीई और फोन के जरिए यात्रियों से लगातार संपर्क बनाए रखा। उन्हें घबराने से रोका गया और पल-पल की जानकारी दी गई। कैथलीघाट स्टेशन पर रात 10:24 बजे 3 विशेष बसों की व्यवस्था की गई, जिनके माध्यम से 97 यात्रियों को सुरक्षित कालका के लिए रवाना किया गया।
रेलवे प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि यात्रियों को आगे के सफर में कोई दिक्कत न हो। इसके लिए गाड़ी संख्या 13052 कालका-हावड़ा मेल को कालका स्टेशन पर 60 मिनट की देरी से रवाना किया गया। रात 12:30 बजे जब बसें कालका पहुंचीं, तो वहां यात्रियों के लिए पहले से ही भोजन के पैकेट और पीने के पानी की व्यवस्था की गई थी। इसके बाद सभी को सुरक्षित ट्रेन में बैठाकर उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
What's Your Reaction?


