सेना के खिलाफ़ टिप्पणी पर भाजपा हुई उग्र, नेता प्रतिपक्ष ने कहा, माफ़ी मांगे मंत्री और मुख्यमंत्री, कार्यवाही से हटाई जाए टिप्पणी
धर्मशाला में चल रहे शीतकालीन सत्र के दौरान विधानसभा में भाजपा ने कांग्रेस सरकार के एक मंत्री के खिलाफ सदन के अंदर भारतीय सेना पर टिप्पणी के लिए मोर्चा खोलते हुए सदन के बाहर प्रदर्शन किया। जहां पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का एक मंत्री पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो गया है।
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी संविधान की शपथ लेकर संवैधानिक पद का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन वे आज देश की सेना के खिलाफ बोल रहे हैं। मंत्री ने इससे पहले भी कई बार सेना के खिलाफ टिप्पणियां की हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उन्होंने विधानसभा के अंदर यह मामला उठाया था कि मंत्री की यह टिप्पणी सदन की कार्यवाही का हिस्सा नहीं होनी चाहिए। मंत्री ने सदन में न केवल सेना में भ्रष्टाचार की बात कहकर अनर्गल आरोप लगाए, बल्कि 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर भी गंभीर टिप्पणी की, जो कतई सहन योग्य नहीं है। विपक्ष द्वारा रोके जाने के बावजूद उन्होंने बोलना जारी रखा और दुर्भाग्यपूर्ण रूप से इन टिप्पणियों को विधानसभा की कार्यवाही में रिकॉर्ड भी किया गया। इसी के विरोध में भाजपा विधायक दल ने स्थगन प्रस्ताव लाकर सदन से वॉकआउट किया।
What's Your Reaction?


