लडभड़ोल में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी कार, 6 युवकों की मौके पर मौत
जिला मंडी के लडभड़ोल बाजार में एक दर्दनाक सडक़ हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। यहां पेट्रोल पंप के समीप एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक आसपास के गांवों के स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं, जिनकी उम्र 18 से 30 वर्ष के बीच थी।
यंगवार्ता न्यूज - मंडी 18 नवंबर :
जिला मंडी के लडभड़ोल बाजार में एक दर्दनाक सडक़ हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। यहां पेट्रोल पंप के समीप एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक आसपास के गांवों के स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं, जिनकी उम्र 18 से 30 वर्ष के बीच थी।
हादसा इतना भीषण था कि खाई में गिरने के बाद कार के परखच्चे उड़ गए। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे। लोगों ने खुद खाई में उतरकर कार सवारों को बाहर निकालने और उनकी जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक सभी छह लोग दम तोड़ चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही लडभड़ोल पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतकों की पहचान आयुष राय (21) पुत्र निवासी सिमस के रूप में हुई है। अनुज कुमार (18) निवासी सिमस भी मृतकों में शामिल हैं। यश राय (14) निवासी सिमस, पंकज कुमार (17) निवासी गवाला की भी मौत हुई है। अर्णव ठाकुर (15) निवासी गवाला और आदित्य कुमार (17) निवासी दरोब भी इस हादसे का शिकार हुए।
तहसीलदार डॉ. मुकुल अनिल शर्मा ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने सभी मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की है। डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने जानकारी दी कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है। उधर, सड़क हादसे में छह युवकों की मौत पर विधानसभा की कार्यवाही गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
What's Your Reaction?
