समय से पहले तैयार हुआ मंडी-पधर हाईवे, 545 करोड़ की परियोजना से 25 मिनट में पूरा होगा सफर
मंडी और पधर के बीच बनने वाला 545 करोड़ रुपये का राष्ट्रीय राजमार्ग अपने तय समय से पहले लगभग तैयार हो गया है। सामरिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस 19 किलोमीटर लंबे हाईवे पर अंतिम सुरक्षा परीक्षण चल रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से मंजूरी मिलते ही इस मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।
यंगवार्ता न्यूज मंडी 8 जुलाई, 2026 :
12 मीटर चौड़े इस आधुनिक हाईवे पर कुल 24 छोटे-बड़े पुल, जिनमें पांच बड़े पुल शामिल हैं, बनाए गए हैं। बरसात के मौसम में भी यह मार्ग पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुगम रहेगा। चौड़ी सड़क और कम घुमावदार मोड़ों से वाहन चालकों को बेहतर ड्राइविंग अनुभव मिलेगा।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक वरुण चारी ने बताया कि सुरक्षा मानकों की पूरी जांच की जा रही है। एक पुल का अंतिम कार्य अगले दस दिनों में पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद एनएचएआई की स्वीकृति मिलते ही हाईवे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।
नई सड़क के शुरू होने से न केवल स्थानीय लोगों और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी, बल्कि मंडी, पधर और कांगड़ा क्षेत्र में पर्यटन को भी नया बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा सामरिक दृष्टि से भी यह मार्ग सेना की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
What's Your Reaction?


