यंगवार्ता न्यूज शिमला 18 जून, 2026 :
सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल संजौली (शनान) संचालिका मनीषा हत्याकांड के मामले में पुलिस की टीम दोनों शूटरों को क्राइम सीन पर लेकर गई। कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों शूटरों से वारदात को अंजाम देने, कहां से दोनों आरोपी पहुंचे और कहां से भागे इन सभी पहलुओं पर जानकारी जुटाई गई। पुलिस के पास वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी है, जिसकी पहले ही गहनता से पड़ताल की जा चुकी है। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ करके इसके पीछे छिपे मास्टरमाइंड तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। आशीष अहलावत (22), निवासी ग्राम दुजाना, जिला झज्जर, हरियाणा और दीपक (25), निवासी सुनारिया खुर्द, तहसील एवं जिला रोहतक, हरियाणा को गिरफ्तार किया था।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी पुलिस को पूछताछ के दौरान गुमराह करने की कोशिश भी कर रहे हैं। इसको देखते हुए पुलिस उनके दिए गए जवाबों का क्रॉस-वैरिफिकेशन भी कर रही है। अभी तक मामले की जांच कॉन्ट्रैक्ट किलिंग और आपसी रंजिश के पहलुओं पर चल रही है। अदालत ने दोनों आरोपियों को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्या की इस गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा और सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।