यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 18 अगस्त :
सिरमौर जिले में मंगलवार सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। नाहन क्षेत्र के मातर में भारी बारिश के चलते स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई है। यहां राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मातर के चारों तरफ पानी का तेज बहाव होने के कारण स्कूल परिसर पूरी तरह से टापू में तब्दील हो गया है। स्कूल के एक ओर नदी उफान पर है, जबकि दूसरी ओर जंगल की तरफ से आने वाला तेज पहाड़ी खाला भी विकराल रूप धारण कर चुका है। दोनों ओर से पानी के तेज बहाव के चलते स्कूल से बाहर निकलने के सभी रास्ते बंद हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मातर में 31 विद्यार्थी और 10 स्टाफ सदस्य , जबकि स्कूल के ऊपर स्थित प्राथमिक विद्यालय में 21 छोटे बच्चे और 2 स्टाफ सदस्य मौजूद हैं। इस तरह दोनों स्कूलों में कुल 52 विद्यार्थी और 12 स्टाफ सदस्य यानी 64 लोग पानी से घिरे हुए हैं। भारी बारिश के कारण परिजनों और स्थानीय लोगों में भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र की नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। इसके साथ ही जंगल की तरफ से आने वाले पहाड़ी खाले में भी भारी मात्रा में पानी आ गया। देखते ही देखते दोनों ओर से पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि स्कूल परिसर तक पहुंचने वाले रास्ते जलमग्न हो गए। हालात ऐसे बन गए कि स्कूल परिसर से बाहर निकलना जोखिम भरा हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन को तुरंत सूचना दी गई।
जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य के लिए टीमें सक्रिय कर दी हैं और फंसे हुए विद्यार्थियों तथा स्टाफ को सुरक्षित निकालने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। मामले की जानकारी मिलते ही जिला उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और बच्चों एवं स्टाफ सदस्यों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। डीसी ने बताया कि सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव टीमों को मौके के लिए रवाना किया गया है। NDRF तथा स्थानीय प्रशासनिक टीमों को भी सक्रिय किया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर बच्चों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन की टीमें लगातार मौके की स्थिति का आकलन कर रही हैं और सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। बच्चों और अध्यापकों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। भारी बारिश और स्कूल परिसर के चारों तरफ पानी का बहाव होने की सूचना के बाद बच्चों के परिजनों में भी चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोग प्रशासन से लगातार स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान स्कूल परिसर में फंसे विद्यार्थियों और स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी, नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से बचें तथा बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा न करें। मौसम खराब रहने की स्थिति में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और राहत एवं बचाव टीमों के मौके पर पहुंचकर सभी विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों को सुरक्षित निकालने की कार्रवाई जारी है।