जुन्गा में शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल एवं हॉस्पिटैलिटी एक्सपो-2026 का धमाकेदार आगाज
राजधानी शिमला से सटे ऐतिहासिक कस्बे जुन्गा में वीरवार को चार दिवसीय शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल एवं हॉस्पिटैलिटी एक्सपो-2026 का धमाकेदार आगाज हुआ। मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने इस आयोजन का विधिवत शुभारंभ किया। फेस्टिवल के पहले दिन 60 से अधिक पर्यटकों और बच्चों ने टेंडम फ्लाइट के माध्यम से आसमान में उड़ान भरकर पैराग्लाइडिंग के रोमांचक अनुभव का आनंद लिया।
शिमला 26 नवंबर, 2026 :
राजधानी शिमला से सटे ऐतिहासिक कस्बे जुन्गा में वीरवार को चार दिवसीय शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल एवं हॉस्पिटैलिटी एक्सपो-2026 का धमाकेदार आगाज हुआ। मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने इस आयोजन का विधिवत शुभारंभ किया। फेस्टिवल के पहले दिन 60 से अधिक पर्यटकों और बच्चों ने टेंडम फ्लाइट के माध्यम से आसमान में उड़ान भरकर पैराग्लाइडिंग के रोमांचक अनुभव का आनंद लिया। इस अवसर पर नरेश चौहान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार राज्य में पर्यटन के साथ-साथ एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। जुन्गा में शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल एवं हॉस्पिटैलिटी एक्सपो का आयोजन इसी दिशा में एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि द ग्लाइडिंग के महाप्रबंधक अरुण रावत जुन्गा को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने और इसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाने के लिए जो प्रयास कर रहे हैं, वे प्रशंसनीय हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जुन्गा पर्यटन के एक नए और आकर्षक गंतव्य के रूप में उभरेगा। शिमला, कुफरी और चायल आने वाले पर्यटक भी जुन्गा की ओर आकर्षित होंगे। इससे जहां क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, वहीं शिमला में पर्यटकों के बढ़ते दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी।
नरेश चौहान ने प्रदेश को चिट्टा मुक्त बनाने के अभियान पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार युवाओं को नशे से दूर रखने और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक गतिविधियों में लगाने के लिए प्रयासरत है। युवाओं को अपनी शक्ति का उपयोग खेलकूद, सामाजिक सेवा और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में करना चाहिए। उन्होंने प्रदेश को चिट्टा मुक्त बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों से सामूहिक सहयोग देने का आह्वान किया।
द ग्लाइडिंग के महाप्रबंधक अरुण रावत ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल एवं हॉस्पिटैलिटी एक्सपो-2026 का आयोजन द ग्लाइडिंग और प्रदेश सरकार के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जुन्गा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि प्रयास किया जा रहा है कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक यहां पैराग्लाइडिंग का रोमांच लेने के साथ-साथ जुन्गा की ऐतिहासिक धरोहरों, प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से भी रूबरू हों।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में प्रदेश सरकार और प्रशासन की ओर से मिल रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
फेस्टिवल के पहले दिन चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के करीब 25 बच्चों की सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। अनाथ आश्रमों से आए इन बच्चों ने फ्लाइंग फेस्टिवल में उत्साहपूर्वक भाग लिया और पैराग्लाइडिंग सहित अन्य गतिविधियों का भरपूर आनंद उठाया। बच्चों के लिए यह आयोजन एक यादगार अनुभव बना।
इस मौके पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी जगदीश शर्मा, नशा मुक्ति केंद्र से संजय भारद्वाज, होमस्टे एसोसिएशन के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?


