यंगवार्ता न्यूज शिमला 14 जून, 2026 :
हिमाचल प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला ने 14 से 20 जून के बीच प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। राजधानी शिमला सहित चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन और सिरमौर में अलग-अलग दिनों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। ध
मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और मानसून की प्रगति के कारण राज्य में मौसम सक्रिय बना रहेगा। 14, 15, 16, 18, 19 और 20 जून को राज्य के कई भागों में बारिश की संभावना है, जबकि 17 जून को कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा या बर्फबारी भी हो सकती है। विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान पेड़ गिरने, बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचने, दृश्यता कम होने तथा फिसलन के कारण सडक़ हादसों का खतरा बढ़ सकता है। दूसरी ओर ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में किसी बड़े मौसमीय खतरे की चेतावनी नहीं दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश की गतिविधियां बढऩे से तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।