यंगवार्ता न्यूज - रिकांगपिओ 28 सितंबर :
जिला किन्नौर में लगातार दूसरे दिन भी मूसलाधार बारिश और चोटियों पर बर्फबारी से समूचा क्षेत्र भीषण ठंड की चपेट में आ गया है। किन्नौर में बारिश के बीच पहाड़ी से मलबा आने के कारण शिमला-रिकांगपिओ नेशनल हाई-वे 5 एक बार फिर यातायात के लिए बंद हो गया है। टापरी के पास पागल नाला में रविवार दोपहर करीब अढ़ाई बजे अचानक भारी मलबा सडक़ पर आ गया। इससे हाई-वे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। बताया जा रहा है कि मलबा आने के दौरान हाई-वे से गुजर रही एक कार भी इसकी चपेट में आकर फंस गई।
रविवार को एनएच-5 पर श्यासो खड्ड के पास अचानक पहाड़ी से गिरते पत्थरों के बीच एक पर्यटक वाहन फंस गया। इसके चलते सडक़ के दोनों ओर गाडिय़ों की लंबी कतारें लग गर्ई और यातायात ठप हो गया। इस दौरान यात्रियों ने एकजुटता दिखाते हुए एक-दूसरे की मदद की और गाड़ी को सुरक्षित निकाला। छितकुल से रानी कंडा के मध्य मुजलंग नामक स्थान पर भारी हिमस्खलन होने से सडक़ मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। दूसरी ओर सांगला घाटी के रूपिन क्षेत्र में भी एक चरवाहे के सैकड़ों भेड़-बकरियों सहित फंसे होने की सूचना मिली है।