सोलन में कल से सजेगा संस्कृत विद्वानों का महाकुंभ, भारतीय ज्ञान परंपरा पर होगा मंथन
तारिणी राजकीय स्नातकोत्तर संस्कृत महाविद्यालय, सोलन में 16 नवंबर से दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आगाज होने जा रहा है। 'अभिनव कालिदास' के नाम से प्रसिद्ध आचार्य प्रो. केशवराम शर्मा की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस राष्ट्रीय संगोष्ठी में देश के विभिन्न राज्यों से संस्कृत के विद्वान, शिक्षाविद्, शोधार्थी एवं प्राध्यापक हिस्सा लेंगे। संगोष्ठी का समापन 17 नवंबर को होगा।
संगोष्ठी का मुख्य विषय "अभिनव कालिदास प्रो. केशवराम शर्मा के साहित्य में भारतीय ज्ञान परंपरा के तत्व" रखा गया है। इसके माध्यम से प्रो. शर्मा के साहित्यिक योगदान, भारतीय संस्कृति, दर्शन, ज्योतिष एवं ज्ञान परंपरा के विविध आयामों पर गहन चर्चा की जाएगी।
इस राष्ट्रीय आयोजन का संयुक्त रूप से संचालन हिमाचल संस्कृत अकादमी, शिमला; ज्योतिष विभाग, श्री लाल बहादुर शास्त्री केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली तथा तारिणी राजकीय स्नातकोत्तर संस्कृत महाविद्यालय, सोलन के तत्वावधान में किया जा रहा है।
संगोष्ठी का उद्घाटन 16 नवंबर को सुबह 11:15 बजे महाविद्यालय के सभागार में होगा। उद्घाटन सत्र में श्री लाल बहादुर शास्त्री केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के पूर्व आचार्य प्रो. प्रेमकुमार शर्मा मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कुमार सिंह सिसोदिया करेंगे, जबकि केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के व्याकरण विभाग के प्रो. रामसलाही द्विवेदी मुख्य वक्ता के रूप में अपना विशेष व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे।
महाविद्यालय प्रशासन की ओर से संगोष्ठी के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दो दिनों तक चलने वाले इस शैक्षणिक आयोजन में विभिन्न शोध पत्रों के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा की समृद्ध विरासत, संस्कृत साहित्य की प्रासंगिकता और प्रो. केशवराम शर्मा के साहित्यिक अवदान पर विचार-विमर्श किया जाएगा। यह संगोष्ठी संस्कृत भाषा एवं साहित्य के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ भारतीय ज्ञान परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।
What's Your Reaction?
