यंगवार्ता न्यूज शिमला 4 जून, 2026 :
8 से 12 जून, 2026 तक आयोजित किए जा रहे अंतर्राष्ट्रीय शिमला समर फेस्टिवल का शुभारंभ राज्यपाल हिमाचल प्रदेश कवीन्द्र गुप्ता करेंगे और महोत्सव का समापन मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के कर कमलों द्वारा होगा। इसके अलावा 09 जून को विधायक शिमला शहरी हरीश जनारथा, 10 जून को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर व 11 जून को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
यह जानकारी सरकारी प्रवक्ता ने देते हुए बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है जिसमें रंगा-रंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अलावा विभिन्न खेल व अन्य प्रतियोगिताएं मुख्य आकर्षण रहेंगे।
8 से 12 जून, 2026 तक आयोजित होने वाली पांच सांस्कृतिक संध्याओं के अंतर्गत प्रथम सांस्कृतिक संध्या मशहूर बॉलीवुड पार्श्व गायक शबाब साबरी, द्वितीय सांस्कृतिक संध्या बॉलीवुड पार्श्व गायक ज्योतिका टांगरी, तृतीय सांस्कृतिक संध्या नाटी किंग कुलदीप शर्मा, चौथी संध्या मशहूर पंजाबी गायक गुरनाम भुल्लर व अंतिम सांस्कृतिक संध्या मशहूर पंजाबी गायक जस्सी गिल व बबल राय के नाम रहेगी।
अन्य आकर्षणों के तहत तिब्बत प्रदर्शन कला संस्थान व उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा आर्ट फेस्टिवल, माई चैंपियन डॉग शो, हेल्थी बेबी शो, श्यामला मंथन, श्यामला मुशायरा, श्यामला कवि गोष्ठी, एंटी चिट्टा अंडर-21 जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता, लाइव बैंड शो, महा नाटी, छम्म नृत्य, वॉयस ऑफ माउंटेन, फैशन शो, मलखंभ, जुम्बा, शिमला स्वाद महोत्सव, हॉट एयर बैलून शो, हेलीकॉप्टर जाय राइड, शिमला ग्रीष्मोत्सव फिल्म फेस्टिवल, सड़क सुरक्षा पर विशेष जागरूकता अभियान व श्यामला रंग मच उत्सव मुख्य आकर्षण रहेंगे।