सिरमौर में 273 पंचायतों में होंगे चुनाव, जिला में कुल मतदाताओं की संख्या 3,71,404
सिरमौर जिला में पंचायती राज चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला सिरमौर में ये चुनाव तीन चरणों में आयोजित किए जाएंगे जिसमें 371404 मतदाता अपने मत का इस्तेमाल करेंगे और पंचायत, पंचायत समितियों और जिला परिषद का गठन करने में अपनी भूमिका निभाएंगे।
नाहन 05 मई, 2026 :
सिरमौर जिला में पंचायती राज चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला सिरमौर में ये चुनाव तीन चरणों में आयोजित किए जाएंगे जिसमें 371404 मतदाता अपने मत का इस्तेमाल करेंगे और पंचायत, पंचायत समितियों और जिला परिषद का गठन करने में अपनी भूमिका निभाएंगे।
मीडिया से बात करते हुए डीसी सिरमौर एवं जिला चुनाव अधिकारी प्रियंका वर्मा ने बताया कि जिला सिरमौर में कुल आठ विकासखंड है और इन विकासखंडों में कुल 273 पंचायतें हैं जहां पर पंचायती राज चुनाव होने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह चुनाव तीन चरणों में आयोजित किए जाएंगे। पहले चरण में ये चुनाव 26 मई को 94 पंचायतों में होंगे। दूसरे चरण में 28 मई को 90 पंचायतों में जबकि 30 मई को 89 पंचायतों में यह चुनाव किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 3 लाख 71 हजार 404 है,जिसमें 1 लाख 94 हजार 309 पुरुष, 1 लाख 77 हजार 93 महिलाएं और 2 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। प्रशासन द्वारा 1641 पोलिंग बूथ स्थापित किए जाएंगे। जहां निर्धारित तिथियों पर सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। नामांकन प्रक्रिया 7, 8 और 11 मई को होगी।जबकि 12 मई को नामांकन पत्रों की छंटनी की जाएगी।इसके बाद उम्मीदवार 14 और 15 मई को अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित पंचायत मुख्यालय में ही मतगणना की जाएगी। जबकि बीडीसी और डीडीसी की मतगणना 31 मई को विकास खंड मुख्यालय में होगी।
What's Your Reaction?


