फीस वृद्धि, छात्र संघ चुनाव बहाली को लेकर ABVP का जिला स्तरीय विशाल धरना प्रदर्शन
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) द्वारा आज जिला स्तर पर उपायुक्त कार्यालय सिरमौर के बाहर विद्यार्थियों की विभिन्न मांगों को लेकर विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जिला सिरमौर के विभिन्न महाविद्यालयों से अभाविप के कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रदर्शन के बाद उपायुक्त सिरमौर को विद्यार्थियों की मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा गया।
यंगवार्ता न्यूज - नाहन, 20 अगस्त 2026 :
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) द्वारा आज जिला स्तर पर उपायुक्त कार्यालय सिरमौर के बाहर विद्यार्थियों की विभिन्न मांगों को लेकर विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जिला सिरमौर के विभिन्न महाविद्यालयों से अभाविप के कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रदर्शन के बाद उपायुक्त सिरमौर को विद्यार्थियों की मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा गया।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार एवं विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष विद्यार्थियों से जुड़े प्रमुख मुद्दों को उठाते हुए कहा कि लंबे समय से छात्रों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार से छात्र हित में शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की प्रमुख मांगों में छात्र संघ चुनावों को तत्काल बहाल करना, हिमाचल प्रदेश में की गई 25 से 30 प्रतिशत फीस वृद्धि को वापस लेना तथा जिला सिरमौर के विभिन्न महाविद्यालयों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को जल्द से जल्द भरना शामिल रहा।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्र संघ चुनाव विद्यार्थियों की लोकतांत्रिक भागीदारी का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। लंबे समय से चुनाव न होने के कारण विद्यार्थियों की आवाज कमजोर हुई है। यदि महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में छात्रों के चुने हुए प्रतिनिधि होंगे, तो वे विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से प्रशासन के समक्ष रख सकेंगे।
वहीं, फीस में 25 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी को लेकर परिषद ने कहा कि इससे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। बड़ी संख्या में विद्यार्थी सामान्य एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं, ऐसे में फीस वृद्धि उनकी शिक्षा को प्रभावित कर सकती है।
इसके साथ ही जिला सिरमौर के विभिन्न महाविद्यालयों में रिक्त पड़े पदों को शीघ्र भरने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। परिषद ने कहा कि शिक्षकों एवं अन्य आवश्यक पदों के रिक्त होने का सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और महाविद्यालयों की व्यवस्थाओं पर पड़ता है।
अभाविप ने सरकार एवं प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विद्यार्थियों की इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो विद्यार्थी परिषद आने वाले समय में आंदोलन को और तेज करेगी। परिषद ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर उसका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
What's Your Reaction?




