भरमौर से सिरमौर तक ‘हिमाचल जोड़ो यात्रा’ निकालेगी कांग्रेस, 25 सितंबर को तय होगी रणनीति
हिमाचल में चुनावी वर्ष शुरू होने से पहले कांग्रेस हिमाचल जोड़ो यात्रा करेगी। भरमौर से सिरमौर तक यह यात्रा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार की अगुवाई में होगी। कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के शिमला दौरे में 25 सितंबर को बुलाई गई प्रदेश कांग्रेस कमेटी यानी पीसीसी की बैठक में इस यात्रा को लेकर पूरी रणनीति तैयार होगी। कांग्रेस का मानना है कि हिमाचल में भी भाजपा ने लोगों को अप्पर हिमाचल, लोअर हिमाचल तथा धर्म-जाति के नाम पर बांटने के बीज बोए हैं। लिहाजा पूरे हिमाचल को एक सूत्र में बांधने का मकसद इस यात्रा करने के पीछे कांग्रेस बता रही हैं। इसी वर्ष यह यात्रा होगी, लेकिन इसकी तारीख को लेकर अंतिम मुहर पीसीसी की बैठक में तय होगी।
कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल का हिमाचल दौरा तय हो गया है। वह 24 सितंबर को चंडीगढ़ से सोलन आएंगी और सोलन ब्लॉक कांग्रेस की बैठक लेंगी। शाम को उनका शिमला पहुंचने का कार्यक्रम है। अगले दिन सुबह 25 सितंबर को सुबह 11:00 बजे राजीव भवन में कांग्रेस पदाधिकारियों और जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के साथ बैठक होगी।
इसी दिन दोपहर बाद भरमौर से सिरमौर तक होने वाली हिमाचल जोड़ो यात्रा को लेकर चर्चा होगी। अगले दिन 26 सितंबर को सुबह 11:00 बजे फिर से पार्टी ऑफिस में बैठक होगी और दोपहर को वह चंडीगढ़ के लिए रवाना हो जाएंगी। हालांकि आखिरी दिन चंडीगढ़ मेें भी रजनी पाटिल की बैठकें हैं, क्योंकि चंडीगढ़ कांग्रेस का प्रभार भी उनके पास है। हालांकि इस दौरे में सबकी नजर इस बात पर रहने वाली है कि राज्य सरकार में कैबिनेट विस्तार और मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर कोई चर्चा होती है या नहीं?
What's Your Reaction?
