हिमाचल प्रदेश में नगर निकायों के लिए आज थमेगा प्रचार, 3.60 लाख वोटर करेंगे फैसला

हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों समेत 51 शहरी निकायों के चुनाव के लिए प्रचार आज थम जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से करवाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। धर्मशाला, सोलन, मंडी और पालमपुर नगर निगम क्षेत्रों में 17 मई को मतदान होगा।

May 15, 2026 - 14:18
 0  4
हिमाचल प्रदेश में नगर निकायों के लिए आज थमेगा प्रचार, 3.60 लाख वोटर करेंगे फैसला
शिमला 15 मई, 2026 : 
 
हिमाचल प्रदेश के चार नगर निगमों समेत 51 शहरी निकायों के चुनाव के लिए प्रचार आज थम जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से करवाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। धर्मशाला, सोलन, मंडी और पालमपुर नगर निगम क्षेत्रों में 17 मई को मतदान होगा।
 
चुनाव प्रचार समाप्त होने के साथ ही पोलिंग पार्टियां ईवीएम और अन्य चुनाव सामग्री के साथ मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग की ओर से सभी मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। मतदान केंद्रों में सुरक्षा, बिजली, पेयजल और संचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए हैं। निर्वाचन आयोग ने चुनाव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। चारों नगर निगम क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती होगी। 
 
संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं मतदान से 48 घंटे पहले शराब के ठेके बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस बाहरी गतिविधियों और संदिग्ध लोगों पर भी नजर रखेगी। 17 मई को सुबह से मतदान प्रक्रिया शुरू होगी और दोपहर 3 बजे तक मतदाता मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। जिन केंद्रों पर निर्धारित समय तक मतदाताओं की लाइन होगी, वहां सभी को मतदान करने का अवसर दिया जाएगा। 

निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से समय पर मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान करने की अपील की है। मतदान के बाद नप और नपं की मतगणना होगी। शाम तक चुनाव परिणाम घोषित होंगे। वहीं चारों नगर निगम के परिणाम 31 मई को घोषित होंग। इन चुनावों में राजनीतिक दलों के साथ-साथ प्रत्याशियों की प्रतिष्ठा भी दांव है। स्थानीय मुद्दों, विकास कार्यों और शहरी सुविधाओं को लेकर चुनावी मुकाबला रोचक बना हुआ है। चुनाव प्रचार थमने के बाद अब प्रत्याशियों का फोकस मतदाताओं से अंतिम संपर्क और मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर रहेगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow