यंगवार्ता न्यूज़ - सोलन 30-09-2026
हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में कुछ समय के लिए व्यवस्थागत कमियां और चुनौतियां सामने आई थीं, लेकिन अब स्थिति में सुधार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि अक्टूबर से हिमकेयर और अन्य स्वास्थ्य योजनाओं के तहत मरीजों को सुविधाएं मिलने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। वहीं, कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की महंगी दवाओं की बिक्री और उनकी कीमतों पर निगरानी को भी जरूरी बताया है।
ऊना जोनल अस्पताल में 30 वर्षीय युवक की मौत के बाद हुए हंगामे पर स्वास्थ्य मंत्री ने डॉक्टरों का बचाव करते हुए लोगों से चिकित्सा व्यवस्था पर भरोसा रखने की अपील की। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल ने कहा कि विभाग में कुछ समय के लिए व्यवस्था में कमियां और चुनौतियां जरूर आई थीं, लेकिन उन्हें दुरुस्त करने के बाद अब स्थिति में सुधार किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के विशेष निर्देशों के तहत गरीब और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर सरकार का विशेष ध्यान है। शांडिल ने कहा कि अक्टूबर महीने से हिमकेयर योजना और अन्य स्वास्थ्य योजनाओं के तहत मिलने वाली सुविधाओं को लेकर मरीजों को किसी तरह की समस्या नहीं होगी। सरकार कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित गरीब मरीजों के इलाज को लेकर संवेदनशील है और स्वास्थ्य सेवाओं को हर वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रदेश के प्रमुख अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में पांच एमआरआई मशीनें स्थापित की जा चुकी हैं और कैंसर की सटीक जांच के लिए पेट स्कैन की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा रोबोटिक तकनीक के जरिए न्यूनतम कट, 3 सेंटीमीटर से भी कम, और बिना ब्लड लॉस के सफल सर्जरी की जा रही हैं। सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को ग्राम स्तर तक पहुंचाने पर भी काम कर रही है। अस्पतालों में ऐसी आधुनिक मशीनें लाई गई है , जिनसे एक ही बार में ब्लड प्रेशर, ईसीजी और ब्लड टेस्ट की सुविधा मिल सकती है। सरकार का प्रयास है कि इस तरह की उन्नत जांच प्रणाली धीरे-धीरे प्रदेश के गांवों तक पहुंचे।
कैंसर की महंगी दवाओं को लेकर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर शांडिल ने कहा कि दवाओं के उत्पादन और लाइसेंसिंग प्रक्रिया की निगरानी बेहद जरूरी है। सरकार यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि जानलेवा बीमारियों की दवाएं तय दरों पर ही बिकें और गरीब मरीजों की पहुंच में रहें। वहीं, ऊना जोनल अस्पताल में 30 वर्षीय युवक की मौत के बाद परिजनों के हंगामे पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोई भी डॉक्टर अपने मरीज को खोना नहीं चाहता। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी डॉक्टर मरीज को बचाने का हर संभव प्रयास करते हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से संयम बनाए रखने और चिकित्सा व्यवस्था पर विश्वास रखने की अपील की।