प्रशासन के दबाव और सरकार की कार्रवाई के बावजूद नहीं रुका राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी का आंदोलन,
राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी द्वारा आज शिमला के चौड़ा मैदान में प्रस्तावित गौमाता सम्मान एवं सनातन संस्कृति से जुड़े विरोध कार्यक्रम को जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा रोकने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रुमित सिंह ठाकुर ने प्रशासन और हिमाचल प्रदेश सरकार पर लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज की कार्रवाई ने भाजपा के कथित हिंदुत्ववादी चेहरे और सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यंगवार्ता न्यूज - शिमला, 14 नवंबर 2026 :
राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी द्वारा आज शिमला के चौड़ा मैदान में प्रस्तावित गौमाता सम्मान एवं सनातन संस्कृति से जुड़े विरोध कार्यक्रम को जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा रोकने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रुमित सिंह ठाकुर ने प्रशासन और हिमाचल प्रदेश सरकार पर लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज की कार्रवाई ने भाजपा के कथित हिंदुत्ववादी चेहरे और सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पार्टी के अनुसार, पुलिस प्रशासन ने कैंची मोड़, तारा देवी के पास ही राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित कार्यकर्ताओं को रोक दिया और आगे शिमला की ओर जाने की अनुमति नहीं दी। चौड़ा मैदान और बालूगंज क्षेत्र में भी प्रतिबंध लगाए गए थे। इतना ही नहीं, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (ADM) द्वारा कार्यक्रम की पूर्व अनुमति भी रद्द कर दी गई।
रुमित सिंह ठाकुर ने कहा कि एक शांतिपूर्ण विरोध कार्यक्रम से सरकार और प्रशासन इतना भयभीत क्यों हो गए कि पूरे रास्ते बंद करने पड़े और पार्टी के कार्यकर्ताओं को शिमला पहुंचने से रोक दिया गया? क्या हिमाचल प्रदेश में गौमाता के सम्मान और सनातन संस्कृति की बात करना भी अब प्रशासन की नजर में अपराध हो गया है?
पार्टी ने प्रशासनिक बाधाओं के बावजूद अपना कार्यक्रम जारी रखा। पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्थानीय गौशाला में हवन किया तथा असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज करवाया। इसके बाद पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने ASP अमित ठाकुर के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में दो प्रमुख मांगों को विशेष रूप से उठाया गया:
1. गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा प्रदान किया जाए।
2. देश में सनातन बोर्ड का गठन किया जाए।
रुमित सिंह ठाकुर ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य किसी जाति, धर्म या समुदाय के विरुद्ध संघर्ष करना नहीं, बल्कि गौमाता के सम्मान, सनातन संस्कृति और धार्मिक आस्थाओं से जुड़े विषयों पर अपनी आवाज बुलंद करना है।
उन्होंने हिमाचल प्रदेश के कुछ अनुसूचित जाति समाज से जुड़े राजनीतिक नेताओं द्वारा इस विवाद में दिए गए बयानों और अपनाए गए रुख पर भी कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि गौमाता के मुद्दे को जातिगत रंग देकर मूल विषय से ध्यान भटकाने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति या संगठन को राजनीतिक लाभ के लिए जातिगत तनाव पैदा करने और धार्मिक आस्थाओं को लेकर विवाद खड़ा करने से बचना चाहिए।
भाजपा और कांग्रेस को 2027 में भुगतना पड़ेगा राजनीतिक खामियाजा : रुमित सिंह ठाकुर
राष्ट्रीय अध्यक्ष रुमित सिंह ठाकुर ने भाजपा और कांग्रेस दोनों को स्पष्ट राजनीतिक संदेश देते हुए कहा कि आज जिस प्रकार से गौमाता के सम्मान और सनातन संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम को रोकने के लिए प्रशासनिक ताकत का इस्तेमाल किया गया, उसका राजनीतिक खामियाजा भाजपा और कांग्रेस को 2027 के विधानसभा चुनावों में भुगतना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा का हिंदुत्ववादी चेहरा आज जनता के सामने बेनकाब हुआ है। एक तरफ भाजपा हिंदुत्व और गौमाता के सम्मान की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ गौमाता के सम्मान के लिए आवाज उठाने वाले लोगों को रोकने के लिए प्रशासनिक व्यवस्था का इस्तेमाल होता है। कांग्रेस सरकार ने भी इस पूरी कार्रवाई में अपनी भूमिका निभाई है।
रुमित सिंह ठाकुर ने दो टूक कहा कि 2027 में हिमाचल प्रदेश की राजनीति राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के बिना पूरी नहीं होगी और प्रदेश में अगली सरकार के गठन में राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
उन्होंने उन प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को भी स्पष्ट संदेश दिया जो उनके आरोपों के अनुसार भाजपा और कांग्रेस के राजनीतिक दबाव में काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अधिकारी याद रखें कि सरकारें स्थायी नहीं होतीं, लेकिन उनके द्वारा किए गए कार्यों और लिए गए निर्णयों का रिकॉर्ड स्थायी रहता है। 2027 में जब राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी सरकार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, तब आज की घटनाओं, आदेशों, अनुमति रद्द करने के निर्णयों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की निष्पक्ष समीक्षा होगी। किसी भी अधिकारी को राजनीतिक दबाव में काम करने की छूट नहीं होगी और जवाबदेही कानून एवं संविधान के दायरे में तय की जाएगी।
भाजपा का नकली हिंदुत्ववादी चेहरा जनता के सामने आया
रुमित सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा स्वयं को हिंदुत्व और गौमाता की सबसे बड़ी हितैषी बताती है, लेकिन जब गौमाता के सम्मान और उससे जुड़े विवाद पर स्पष्ट राजनीतिक पक्ष रखने का समय आता है तो उसका वास्तविक राजनीतिक चरित्र सामने आ जाता है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी ने चौड़ा मैदान में प्रस्तावित कार्यक्रम के अंतर्गत गंगाजल से शुद्धिकरण का संकल्प लिया था। प्रशासन द्वारा कार्यक्रम रोके जाने के बावजूद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में गंगाजल से शुद्धिकरण किया और अपने संकल्प को पूरा किया।
उन्होंने कहा कि आज की घटना हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक बड़ा सवाल छोड़ गई है। यदि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी धार्मिक और लोकतांत्रिक मांगें रखने वाले लोगों को भी प्रशासन रोकने लगेगा तो जनता अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सवाल अवश्य पूछेगी।
राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी स्पष्ट करना चाहती है कि प्रशासन की रोक, अनुमति रद्द करने और राजनीतिक दबाव की कार्रवाई से पार्टी का आंदोलन समाप्त नहीं होगा। गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा और सनातन बोर्ड का गठन पार्टी के प्रमुख संकल्प रहेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारी
इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष रुमित सिंह ठाकुर के साथ प्रदेश अध्यक्ष अमरचंद ठाकुर, राष्ट्रीय महासचिव मनीष ठाकुर, जिला अध्यक्ष शिमला संदीप ठाकुर, जिला प्रवक्ता पंकज शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा जगदीप ठाकुर, प्रदेश महासचिव योगेश ठाकुर, जिला सोलन अध्यक्ष जयदेव सिंह ठाकुर, शिमला मंडल शहरी अध्यक्ष तरुण देसाई, महिला मोर्चा जिला मंडी अध्यक्ष रचना ठाकुर, जिला बिलासपुर महिला सचिव निशा ठाकुर सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
