प्रदेश में आने वाली नई इलेक्ट्रिक बसों में लगेज के लिए बने बॉक्स को हटाकर लगवाई जाएंगी दो नई सीटें
प्रदेश में आने वाली नई इलेक्ट्रिक बसों में लगेज के लिए बने बॉक्स को हटाकर दो नई सीटें लगवाई जाएंगी। इससे इस नई बस में सीटिंग कैपेसिटी की संख्या बढक़र 32 हो जाएगी व पीछे बैठने वाले यात्री को भी सामने क्लियरिटी नजर आएगी
यंगवार्ता न्यूज़ - धर्मशाला 24-02-2026
प्रदेश में आने वाली नई इलेक्ट्रिक बसों में लगेज के लिए बने बॉक्स को हटाकर दो नई सीटें लगवाई जाएंगी। इससे इस नई बस में सीटिंग कैपेसिटी की संख्या बढक़र 32 हो जाएगी व पीछे बैठने वाले यात्री को भी सामने क्लियरिटी नजर आएगी। प्रदेश में आने वाली इलेक्ट्रिक बसों में अब 32 यात्री बैठ पाएंगे। बसों में यात्रियों की कैपेसिटी बढ़ाने के लिए आवश्यक सुधार किए जाएंगे।
ट्रायल के लिए पहुंची इलेक्ट्रिक बसों में करीब एक दर्जन सुधार किए जाएंगे, जिसे जल्द ही सरकार की ओर से संबंधित कंपनी को अवगत करवाया जाएगा। इलेक्ट्रिक बसों की एवरेज 180 बताई गई है, जबकि पहाड़ी पर्यटन स्थल धर्मशाला में 174 तक एवरेज सामने आई है। अप्रैल माह तक 50 फीसदी इलेक्ट्रिक बसें हिमाचल प्रदेश पहुंच जाएंगी।
करीब एक करोड़ 71 लाख की लागत की प्रति इलेक्ट्रिक बस की मेंटेनेंस संबंधित बस कंपनी द्वारा की जाएगी। हिमाचल पथ परिवहन निगम एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने बताया कि सोमवार को ट्रायल के लिए धर्मशाला पहुंची निगम की नई इलेक्ट्रिक बस मॉडल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में नई इलेक्ट्रिक बस का ट्रायल किया जा रहा है।
इस ट्रायल में बस संबंधित जो कमियां आएंगी, उनके बारे में संबंधित बस कंपनी को अवगत करवाया जाएगा। अजय वर्मा ने बताया कि ट्रायल के दौरान नई इलेक्ट्रिक बस में 180 किलोमीटर एवरेज आने की संभावना है, लेकिन शिमला में विभागीय लोगों द्वारा बताया जा रहा है कि कुछ स्थानों पर एवरेज करीब 173-174 आई है।
वर्मा ने बताया कि इन नई बसों की खासियत यह है कि इसकी बैटरी अच्छी है। पहले इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग के बाद 120-125 किलोमीटर चलती थी, जबकि यह नई इलेक्ट्रिक बसें जल्द चार्ज होने के बाद 180 किलोमीटर चलेंगी। इन नई इलेक्ट्रिक बसों के रूटों के बारे में उन्होंने बताया कि रूटों को लेकर प्रकिया जारी है, जिस पर विभाग के डीएम व आरएम कार्य कर रहे हैं। कोशिश है कि ये बसें पठानकोट व होशियारपुर तक चलाई जाएं।
What's Your Reaction?



