लोक निर्माण मंत्री ने  क्षेत्र के लिए 62 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं के किए उद्घाटन एवं शिलान्यास

लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज द्रंग विधानसभा क्षेत्र में स्थित विश्व विख्यात पर्यटन स्थल एवं ऋषि पराशर की तपोस्थली में आयोजित जिला स्तरीय सरानाहुली मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता की

Jun 16, 2025 - 16:07
Jun 16, 2025 - 16:58
 0  22
लोक निर्माण मंत्री ने  क्षेत्र के लिए 62 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं के किए उद्घाटन एवं शिलान्यास
Paras School Sadak Suraksha Doon Valley Deeserve Media
Paras School Sadak Suraksha Doon Valley Deeserve Media

पीएमजीएसवाई चरण चार में पधर मंडल की पांच सड़कों पर व्यय होंगे 26 करोड़ रुपए- विक्रमादित्य सिंह

यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी     16-06-2025

लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज द्रंग विधानसभा क्षेत्र में स्थित विश्व विख्यात पर्यटन स्थल एवं ऋषि पराशर की तपोस्थली में आयोजित जिला स्तरीय सरानाहुली मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 61.74 करोड़ रुपए लागत की विभिन्न सड़क व पुल परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किए। 

लोक निर्माण मंत्री ने 7.09 करोड़ रुपए लागत की कटौला-बोदनधार-कुंडख-टिहरी-कालंग-पटौंस सड़क का विधिवत लोकार्पण किया। इसके अतिरिक्त पंडोह से शिवाबदार सड़क पर पंडोह में ब्यास नदी पर लगभग 24.63 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले 110 मीटर लंबे पुल, मंडी से कमांद-कटौला-बजौरा सड़क के 11.84 करोड़ रुपए से होने वाले रखरखाव कार्य तथा नेरी से बिहनधार सड़क के 18.18 करोड़ रुपए लागत के स्तरोन्नयन कार्य का शिलान्यास किया।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उन्हें पहली बार ऋषि पराशर की इस पावन धरा पर आने का अवसर प्राप्त हुआ है। यहां स्थित ऋषि पराशर का प्राचीन मंदिर एवं पवित्र झील की दिव्यता हमें अध्यात्म की गहराइयों से परिचित करवाती है। साथ ही यहां की नैसर्गिक वादियां पर्यटकों के लिए एक बेहतरीन सैरगाह हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को संरक्षित रखते हुए यहां पर इको-टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। 

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि देव कारज के साथ आज उन्हें विकास कारज करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है और सभी क्षेत्रों का समान विकास करवाना हमारा दायित्व भी है जिसे प्रदेश सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है। विभाग ने प्रदेश के दूरस्थ व 150 से 200 आबादी तक के गांवों को सड़कों से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। 

इसके लिए लोगों को स्वैच्छिक तौर पर भूमि दान कर विकास में सहयोग के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण में प्रदेश में लगभग 1500 किलोमीटर सड़कें निर्मित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें पधर मंडल की पांच सड़कें भी शामिल हैं जिनके लिए लगभग 26 करोड़ रुपए का प्राक्कलन तैयार किया गया है। 

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में पुलों के निर्माण के लिए लगभग 140 करोड़ रुपए की राशि केंद्र से मंजूर करवाई गई है। उन्होंने कहा कि गत वर्षों भारी बाढ़ में बह गए पंडोह के ऐतिहासिक पुल की जगह अब एक नया पुल जल्द ही तैयार कर दिया जाएगा। इस पुल की ऊंचाई भी बढ़ाई गई है ताकि नदी का जल स्तर अप्रत्याशित रूप से बढ़ने पर इसे सुरक्षित रखा जा सके। 

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि उसी बरसात में कुल्लू मंडी के बीच फोरलेन सड़क को भारी नुकसान होने पर कमांद-कटौला-बजौरा सड़क एक बेहतर विकल्प साबित हुई और पूरा यातायात इसी सड़क से संचालित किया गया। ऐसे में अब इस सड़क के रखरखाव पर लगभग 12 करोड़ रुपए की राशि व्यय की जा रही है। 
उन्होंने स्थानीय लोगों की मांग पर पराशर में भूमि की उपलब्धता पर सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए प्रयास करने का आश्वासन भी दिया। इसके अतिरिक्त जिला स्तरीय सरानाहुली मेला आयोजन समिति को अपनी ओर से 51 हजार रुपए की राशि प्रदान करने की घोषणा भी की। 

इससे पूर्व लोक निर्माण मंत्री ने देव ऋषि पराशर के मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और सरानाहुली मेला में पधारे क्षेत्र के देवी-देवताओं से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर कमेटी की ओर से बलवीर ठाकुर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। पराशर पहुंचने पर मेला आयोजन समिति के साथ ही विभिन्न संगठनों व जनप्रतिनिधियों की ओर से भी लोक निर्माण मंत्री का सम्मान व स्वागत किया गया। 

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्या रीता ठाकुर, चंद्रशेखर ठाकुर, मेला आयोजन समिति के सदस्य रतन दास ठाकुर, डॉ. कुलकीर्ती ठाकुर, कर्मचंद भाटिया, सेवादल के कश्मीर सिंह, वामन देव ठाकुर, गिरधारी लाल भंगालिया, मेला आयोजन समिति की अध्यक्ष एवं उपमंडलाधिकारी (ना.) रूपिंद्र कौर, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एन.पी. चौहान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपाली शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व अन्य उपस्थित थे। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow