अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव में सजी भव्य अंतरराष्ट्रीय कल्चरल परेड, 35 दलों ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा
अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव मंडी के तहत आयोजित भव्य अंतरराष्ट्रीय कल्चरल परेड में 35 सांस्कृतिक दलों ने भाग लेकर शहर को रंग, संगीत और लोक परंपराओं से सराबोर कर दिया
यंगवार्ता न्यूज़ - मंडी 21-02-2026
अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव मंडी के तहत आयोजित भव्य अंतरराष्ट्रीय कल्चरल परेड में 35 सांस्कृतिक दलों ने भाग लेकर शहर को रंग, संगीत और लोक परंपराओं से सराबोर कर दिया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने उपायुक्त कार्यालय परिसर से परेड को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
परेड सेरी मंच से होते हुए इंदिरा मार्केट परिसर तक पहुंची, जहां मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोगों ने इस अद्भुत सांस्कृतिक झांकी का स्वागत किया।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव केवल आस्था का ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एकता और वैश्विक भाईचारे का भी प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों और राज्यों से आए कलाकारों की भागीदारी हिमाचल की अतिथि देवो भवः की परंपरा को सुदृढ़ करती है और मंडी को विश्व पटल पर नई पहचान देती है। सबसे आगे भारत का तिरंगा ध्वज लहराता हुआ चल रहा था, उसके पीछे देश-विदेश से आए कलाकार पारंपरिक वेशभूषा में अपनी संस्कृति का प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ रहे थे।
परेड के अंत में मधुर धुनों के साथ होमगार्ड का बैंड आकर्षण का केंद्र बना रहा। दर्शकों ने इन आकर्षक दृश्यों को अपने मोबाइल फोन में कैद किया और पूरे मार्ग में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
अंतरराष्ट्रीय दलों में अर्जेंटीना, फ्रांस, संयुक्त राज्य अमेरिका, श्रीलंका के दो दल, रूस, अफ्रीका कॉन्टिनेंट (तंजानिया, नाइजीरिया, घाना, जिम्बाब्वे, लाइबेरिया, स्वाजीलैंड, लेसोथो, कैमरून और साउथ अफ्रीका), वेनेजुएला, नेपाल, कजाकिस्तान और कंबोडिया के कलाकार शामिल रहे।
इन दलों ने पारंपरिक लोक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। अर्जेंटीना के कलाकारों ने फायर डांस से रोमांच पैदा किया, जबकि रूस से आए कलाकारों ने एलईडी डांस के माध्यम से आधुनिकता और परंपरा का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।
देश के सात राष्ट्रीय दलों में राजस्थान, गुजरात, उत्तराखंड, पंजाब के दो दल, असम और मणिपुर के कलाकार शामिल रहे। प्रदेश के सात जिलों शिमला, हमीरपुर, लाहौल-स्पिति, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और सिरमौर के सांस्कृतिक दलों ने भी अपनी लोक परंपराओं की छटा बिखेरी।
इसके अतिरिक्त मंडी जिला के पांच स्थानीय सांस्कृतिक दलों ने भी परेड में भाग लेकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा प्रस्तुत मंडव शो भी आकर्षण का विशेष केंद्र रहा।
रंग-बिरंगी वेशभूषा, लोक वाद्यों की मधुर धुन और पारंपरिक नृत्य शैलियों ने पूरे शहर को उत्सवमय बना दिया। यह परेड अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव की सांस्कृतिक विविधता और वैश्विक सहभागिता का जीवंत उदाहरण बनी।
कल्चरल परेड में विधायक चन्द्रशेखर, पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर, पूर्व विधायक तिलक राज जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, एपीएमसी अध्यक्ष संजीव गुलेरिया, जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष चंपा ठाकुर, उपायुक्त अपूर्व देवगन और एसपी विनोद कुमार सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?



