बद्दी-नालागढ़ में हजारों रोजगार देने वाले दो मेगा प्रोजेक्ट तीन साल से ठप, कांग्रेस सरकार की नीयत पर बड़ा सवाल :  कटवाल

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने बद्दी-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में दो बड़े औद्योगिक परियोजनाओं के वर्षों से ठप पड़े रहने पर कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त

Jan 31, 2026 - 19:24
Jan 31, 2026 - 19:36
 0  1
बद्दी-नालागढ़ में हजारों रोजगार देने वाले दो मेगा प्रोजेक्ट तीन साल से ठप, कांग्रेस सरकार की नीयत पर बड़ा सवाल :  कटवाल

भाजपा पर आरोप लगाने वाली कांग्रेस खुद कार्रवाई करने में फेल

करोड़ों निवेश और जनहित की जमीन पर सिर्फ बहानेबाजी जारी

यंगवार्ता न्यूज़ - सोलन   31-01-2026

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने बद्दी-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में दो बड़े औद्योगिक परियोजनाओं के वर्षों से ठप पड़े रहने पर कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि लगभग तीन वर्ष बीत जाने के बावजूद प्रदेश के सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक बेल्ट में आवंटित भूमि पर एक भी यूनिट का उत्पादन शुरू न होना कांग्रेस सरकार की प्रशासनिक अक्षमता, उदासीनता और दोहरे मापदंडों को उजागर करता है।

संजीव कटवाल ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार की कस्टमाइज्ड पैकेज नीति के तहत राज्य में निवेश और रोजगार सृजन को गति देने के उद्देश्य से बड़ी परियोजनाओं को भूमि एवं अन्य प्रोत्साहन दिए गए थे। लेकिन कांग्रेस सरकार लगातार भाजपा पर “राज्य की संपत्ति बेचने” का आरोप लगाती रही, वहीं आज जब वही भूमि वर्षों से खाली पड़ी है और हजारों रोजगार के अवसर खत्म हो रहे हैं, तो कांग्रेस सरकार न तो जमीन वापस लेने की हिम्मत दिखा रही है और न ही निवेशकों से जवाबदेही तय कर रही है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा के रिकॉर्ड स्पष्ट बताते हैं कि इस नीति के तहत स्वीकृत तीन परियोजनाओं में से केवल एक ही धरातल पर उतर पाई है, जबकि दो प्रमुख परियोजनाएं आज भी कागजों में अटकी हुई हैं। कटवाल ने कहा कि SMPP Ammunition Private Limited को 4 अक्टूबर 2022 को लगभग 800 एकड़ भूमि आवंटित की गई थी। 

इस परियोजना के माध्यम से करीब 3000 करोड़ रुपये निवेश और लगभग 5000 रोजगार की संभावना जताई गई थी। उत्पादन एक वर्ष के भीतर शुरू होना था, लेकिन तीन साल बाद भी कांग्रेस सरकार “पेड़ कटान में देरी” और “कागजी अनुमति” जैसे बहाने बनाकर जिम्मेदारी से बच रही है।

उन्होंने कहा कि सरकारी जवाबों के अनुसार पहले चरण की भूमि पर पेड़ कटान मार्च 2024 में हुआ, यानी 17 महीने बाद, और भूमि उपयोग परिवर्तन की अनुमति जुलाई 2025 में दी गई। यह दर्शाता है कि प्रदेश सरकार और उसके विभाग किस प्रकार जानबूझकर निवेशकों को अटकाकर औद्योगिक विकास को रोक रहे हैं।

कटवाल ने दूसरी परियोजना Indo Farm Equipment Limited का भी उल्लेख करते हुए कहा कि 2022 में 510 करोड़ रुपये के ऑटोमोबाइल कंपोनेंट प्रोजेक्ट के लिए भूमि दी गई थी, जिससे 3360 रोजगार और 30-40 सहायक इकाइयों का विकास होना था। लेकिन आज तक यह परियोजना भी केवल “भूमि कटाव” और “अतिक्रमण हटाने में देरी” जैसे बहानों की भेंट चढ़ गई है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि यह कांग्रेस सरकार की सबसे बड़ी विफलता है कि बद्दी-नालागढ़ जैसे देश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र में हजारों युवाओं के रोजगार के सपने केवल सरकारी लापरवाही के कारण टूट रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सार्वजनिक भूमि लगभग मुफ्त दरों पर दी गई थी, समयसीमा निर्धारित थी और रोजगार के बड़े वादे किए गए थे, तो फिर कांग्रेस सरकार ने अब तक जमीन वापस लेने या जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं की? कौन लाभान्वित हो रहा है जब करोड़ों की सरकारी जमीन खाली पड़ी है?

संजीव कटवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार का असली चेहरा अब जनता के सामने आ चुका है। भाजपा पर लगातार आरोप लगाने वाली कांग्रेस आज खुद उन परियोजनाओं पर चुप बैठी है, जिनसे प्रदेश के आर्थिक विकास और युवाओं के भविष्य जुड़े हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा इस मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में कांग्रेस सरकार की नाकामी को उजागर करेगी और सार्वजनिक संसाधनों की रक्षा एवं युवाओं के रोजगार के अधिकार के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow