एयर इंडिया-इंडिगो के बाद अब अकासा एयर की फ्लाइट्स भी आज से हो जाएंगी महंगी
एयर इंडिया-इंडिगो के बाद अब अकासा एयर की फ्लाइट्स भी आज से महंगी हो जाएंगी। एयरलाइन कंपनी ने रविवार से सभी घरेलू और इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर फ्यूल सरचार्ज लगाने की घोषणा की
न्यूज़ एजेंसी - नई दिल्ली 15-03-2026
एयर इंडिया-इंडिगो के बाद अब अकासा एयर की फ्लाइट्स भी आज से महंगी हो जाएंगी। एयरलाइन कंपनी ने रविवार से सभी घरेलू और इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर फ्यूल सरचार्ज लगाने की घोषणा की है। अकासा एयर ने कहा कि 15 मार्च को रात 12.01 बजे के बाद बुक किए जाने वाले टिकटों पर 199 रुपए से लेकर 1,300 रुपए तक का एडिशनल सरचार्ज वसूला जाएगा।
मिडल ईस्ट तनाव और अमरीका-इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग की वजह से जेट फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में भारी बढ़ोतरी के कारण यह कदम उठाना पड़ रहा है। अकासा एयर के कहा कि अगर आपने 15 मार्च रात 12.01 बजे से पहले टिकट बुक कर लिया है, तो अतिरिक्त पैसा नहीं देना होगा।
यह सरचार्ज ‘पर सेक्टर’ यानी एक तरफ की यात्रा के हिसाब से लगेगा और इसकी राशि फ्लाइट की दूरी (फ्लाइट ड्यूरेशन) पर निर्भर करेगी। फ्यूल की बढ़ती कीमतों के बोझ को कम करने के लिए देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने शुक्रवार को सरचार्ज बड़ा दिया था। कंपनी ने एक्सट्रा फ्यूल चार्ज के साथ टिकटों की नई कीमतें 14 मार्च रात 12 बजे से लागू कर दी थीं।
वहीं एअर इंडिया 12 मार्च से घरेलू फ्लाइट टिकटों पर 399 रुपए का फ्यूल सरचार्ज लगा रही है। जेट फ्यूल के दाम लगातार बढऩे से दुनियाभर की प्रमुख एयरलाइंस ने भी टिकटों के दाम बढ़ाए हैं।
What's Your Reaction?



