यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 16-03-2026
रेणुका विधानसभा क्षेत्र की छौऊ भोगर पंचायत के ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल आज पानी की समस्या को लेकर उपायुक्त से मिला और जल्द समाधान की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल योजना शुरू न होने के कारण इलाके में हालात बेहद खराब हो चुके हैं।
मीडिया से बात करते हुए ग्रामीण इंद्र सिंह ने बताया कि रेणुका विधानसभा क्षेत्र की छौऊ भोगर पंचायत में प्रस्तावित पेयजल योजना का निर्माण कार्य समय पर शुरू नहीं हो पाया, जिसके चलते योजना के लिए स्वीकृत फंड लैप्स हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण आज पूरे क्षेत्र को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। पानी की कमी के कारण कई मवेशियों की मौत तक हो चुकी है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों और मवेशियों को मजबूरी में एक ही स्रोत से पानी पीना पड़ रहा है।
इस समस्या को लेकर पंचायत के ग्रामीणों का प्रतिनिधि मंडल उपायुक्त से मिला और लैप्स हुए फंड को दोबारा से जारी करने की मांग की, ताकि जल्द से जल्द पेयजल योजना का कार्य शुरू हो सके और क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि ठेकेदार को फायदा पहुंचाने के मकसद से ऐसे पानी के सोर्स का चयन किया गया जहां पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं है। जबकि ग्रामीणों ने अन्य पानी के स्रोत से पेयजल योजना लाने का प्रस्ताव पारित किया था जोकि सरकारी भूमि में मौजूद है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।