यंगवार्ता न्यूज़ - राजगढ़ 22-12-2025
करीब 13 वर्ष पहले राजनीति में कदम रखने के दौरान मेरे लिए कांग्रेस का टिकट दिलवाने के लिए मुसाफिर सहित अनेक दिग्गज नेताओं ने वकालत की थी। इस छोटे से राजनैतिक सफर में अब मैं कांग्रेस का टिकट बांटने वाला बन चुका हूं। यह बात हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं रेणुका निर्वाचन के विधायक विनय कुमार ने गत सांय राजगढ़ पहूंचने पर पच्छाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के उपरांत पहली बार राजगढ़ पहुँचने पर विनय कुमार का गर्म जोशी के साथ स्वागत किया गया।
कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने तंज कसते हुए कहा कि सिरमौर में डॉ0 वाईएस परमार के बाद वह पार्टी में इस पद प्राप्त करने वाले दूसरे व्यक्ति हैं , जबकि सिरमौर में अनेक धुरंधर कांग्रेस के नेता हैं जोकि अपने निर्वाचन क्षेत्र से छह और सात बार जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं , परंतु आजतक किसी को भी यह पद हासिल नहीं हो सका है। हालांकि उन्होंने तुरंत इस बात पर कहा कि कोई कांग्रेस नेता इस बात को अन्यथा न लें। उन्होने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद जब वह दिल्ली हाईकमान पहुंचे तो उन्होंने राहुल गांधी के सवाल पर कहा कि रेणुका कांग्रेस के मॉडल को पूरे प्रदेश में प्रभावी ढंग से कार्यान्वित किया जाएगा। उनका मुख्य उद्देश्य वर्ष 2027 में प्रदेश में कांग्रेस को रिपीट करवाना है जिसके लिए वह बूथ स्तर तक स्वयं जाकर समिति के कार्यों की समीक्षा करेंगे।
यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि कमेटियां कागजों तक सीमित न रहे जिसके लिए पार्टी में कार्यकर्ताओं को अधिमान दिया जाएगा। विनय कुमार ने कहा कि ऑपरेशन लोटस के दौरान उन्हें भी भाजपा द्वारा अनेक प्रलोभन दिए गए , परंतु मैंने अपने आदर्शों के साथ कोई समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही जिला व ब्लॉक स्तर पर संगठन की ताजपोशी की जाएगी। तदोपरांत राज्य कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के 28 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में विपक्ष के विधायक है। इन विधानसभा क्षेत्रों सबसे पहले कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करके कांग्रेस पार्टी को मजबूत किया जाएगा। उन्होने पच्छाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी मजबूत करने का आह्वान किया।
इससे पहले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष जीआर मुसाफिर ने कहा कि पच्छाद में कांग्रेस के गढ़ को पहले की भांति एक बार फिर मजबूत करने के लिए पुरजोर कोशिश करेगें ताकि आगामी 2027 में पच्छाद में कांग्रेस का परचम दुबारा कायम हो सके। इस मौके पर पूर्व जिप अध्यक्षा दयाल प्यारी ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी देवेन्द्र शास्त्री , विवेक शर्मा , दिनेश आर्य , प्रदीप सूर्या , शकुंतला प्रकाश , परीक्षा चौहान , उषा तोमर , आशा प्रकाश , नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति साहनी सहित भारी संख्या में पच्छाद कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।