यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 02-03-2026
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने पंचायती राज चुनाव को लेकर एक बार फिर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। साथ ही आरोप लगाया कि सरकार ने चुनाव को रोकने के लिए करोड़ो रुपए खर्च कर दिए। भाजपा अध्यक्ष नाहन में भाजपा पंचायती राज प्रकोष्ठ बैठक के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पंचायती राज चुनाव को रोकने के लिए हर संभव कोशिश की और नए नए बहाने बनाकर चुनाव को टालने का काम किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में चुनाव आयोग ने अक्टूबर 2025 में तमाम तैयारियां पूरी कर ली थी। अगर सरकार पहले हाई कोर्ट गई और उसके बाद सुप्रीम कोर्ट का भी चुनाव न करवाने के लिए दरवाजा खटखटाया। बिंदल ने कहा कि आखिरकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने 30 मई से पहले चुनाव करवाने के निर्देश दिए हैं जो सराहनीय फैसला है। वही राजीव बिंदल ने सरकारी डिपुओं में राशन के दामों में वृद्धि और एंट्री टैक्स में की गई बढ़ोतरी को लेकर भी सुख सरकार की घेराबंदी की है।
राजीव बिंदल ने कहा कि पहले सरकार द्वारा सरकारी डिपुओं में मिलने वाले राशन के दामों में बढ़ोतरी की गई और अब और राशन में कटौती भी की जा रही है जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है वही इन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा बनाए गए एंट्री टैक्स को लेकर कहा कि प्रदेश में खासकर शक्तिपीठों में पहुंचने वाले विभिन्न राज्यों की श्रद्धालुओं पर बड़ी मार पड़ेगी साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले प्रदेश के लोगों को भी इसका बड़ा नुकसान उठाना पड़ेगा।