यंगवार्ता न्यूज़ - शिमला 28-08-2026
हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों की राहत के बाद मॉनसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ेगा।गत एक सप्ताह से मॉनसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने के साथ ही बारिश का क्रम हल्का पड़ गया था।जिससे तापमानो में भी उछाल आया था।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 30 अगस्त की शाम से प्रदेश में मानसून का नया दौर शुरू होगा, जो 3 सितंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान 1 सितंबर को चंबा, कांगड़ा, मंडी, सोलन, बिलासपुर और सिरमौर जैसे छह प्रमुख जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक नदियों और स्थानीय नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी तथा दृश्यता कम होने की आशंका जताई है।वहीं राजधानी शिमला में शुक्रवार को दिन भर बादलों की लुका छुपी जारी रही।
मौसम वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने कहा कि बीते 24 घंटों के दौरान सिरमौर, कांगड़ा, बिलासपुर और ऊना के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। इसमें सबसे अधिक 50 एमएम बारिश सिरमौर के नाहन में , जबकि कांगड़ा और बिलासपुर में लगभग 35 एमएम बारिश हुई है। आगामी मौसम की बात करें तो 28 और 29 अगस्त को मध्यवर्ती जिलों में दोपहर या शाम के समय केवल 1-2 घंटे के लिए ही बारिश का दौर देखने को मिलेगा। इसके बाद 30 अगस्त की देर शाम से मानसून एक बार फिर सक्रिय होगा, जिसका असर 3 सितंबर तक रहेगा। इस दौरान मैदानी और मध्यवर्ती क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। विशेष रूप से 31 अगस्त को कांगड़ा, सिरमौर और बिलासपुर में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। वहीं 1 सितंबर को चंबा, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है, और 2 तथा 3 सितंबर को भी कुछ स्थानों पर बारिश की तीव्रता बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि तापमानो में बढ़ोतरी हुई है।
शिमला जैसे ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में पारा 24°C से 25°C, पालमपुर जैसे इलाकों में 28°C से 29°C और मैदानी जिलों (हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, ऊना) में 32°C से 34°C के बीच रिकॉर्ड किया गया है, जिसमें सबसे अधिक 34.4°C तापमान ऊना में दर्ज हुआ। केलांग और कांगड़ा जैसे क्षेत्रों में दिन का तापमान सामान्य से 3°C से 5°C अधिक रहा है। अगले दो दिनों में तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन 30 अगस्त की शाम से मानसून के सक्रिय होते ही पूरे प्रदेश में तापमान में फिर से गिरावट आ जाएगी। मानसून सीजन में 1 जून से 28 अगस्त तक के आंकड़ों के मुताबिक, पूरे हिमाचल प्रदेश में औसतन 10% कम बारिश हुई है। इनमें तीन जिले लाहौल-स्पीति (-57%), हमीरपुर (-35%) और मंडी (-17%) ऐसे हैं जहां सामान्य से काफी कम बारिश हुई है।
दूसरी ओर, शिमला और कुल्लू में सामान्य से 15% से 18% अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि कांगड़ा, सोलन आदि अन्य जिलों में आंकड़े सामान्य के आसपास ही बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि 30 अगस्त से 3 सितंबर के बीच संभावित मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। इस अवधि में विशेषकर शिमला, सोलन, सिरमौर और भारी बारिश वाले इलाकों में दृश्यता काफी कम हो सकती है। लगातार चार दिनों तक बारिश की गतिविधियों के चलते प्रमुख नदियों, स्थानीय नालों और जल स्रोतों का जलस्तर बढ़ने की पूरी संभावना है।