यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 06-02-2026
ऐतिहासिक चौगान मैदान नाहन में नीरज चंदेल मेमोरियल फुटबॉल प्रतियोगिता का आज शुभारंभ किया गया। इस प्रतियोगिता का शुभारंभ नागरिक सभा के अध्यक्ष दिग्विजय गुप्ता द्वारा किया गया। इस मौके पर दिवंगत नीरज चंदेल की आत्मिक शांति के लिए 2 मिनट का मौन रखा गया और उनके परिवार जनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की गई। मीडिया से बात करते हुए दिग्विजय गुप्ता ने कहा कि यह प्रतियोगिता स्वर्गीय नीरज चंदेल की स्मृति में आयोजित की जा रही है। जिला फुटबॉल एसोसिएशन और अन्य संस्थाओं द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का दूसरी बार यहां आयोजन किया जा रहा है जिसमें युवा बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
दिग्विजय गुप्ता ने कहा कि नाहन की धरती से कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के फुटबॉल खिलाड़ी निकल चुके हैं और इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि नाहन की भूमि खेल प्रतिभाओं से समृद्ध रही है और यहां से कई खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे हैं। नई पीढ़ी को फुटबॉल से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजनों की जरूरत है, ताकि बच्चों का रुझान खेलों की ओर बढ़े और वे मोबाइल व नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहें।
वहीं आयोजक डॉ. जफर का कहना है कि नीरज चंदेल फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और बीते वर्ष से उनके द्वारा यह प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता में कल 14 टीमें भाग ले रही है , जिसमें 9 टीमें में वरिष्ठ वर्ग की है , जबकि 5 टीमें कनिष्ठ वर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता के दौरान अगले तीन दिनों तक विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे, जिससे क्षेत्र में खेलों का माहौल और मजबूत होगा।उन्होंने कहा कि समाज के सभी लोगों को मिलकर युवाओं को खेलों के लिए प्रेरित करना चाहिए।