यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 11-02-2026
हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम से सेवानिवृत्त कर्मचारी 16 फरवरी को शिमला में हिमाचल प्रदेश विधानसभा का घेराव करेंगे। कर्मचारियों का आरोप है कि सरकार उनकी लगातार अनदेखी कर रही है जिससे उम्र के अंतिम पड़ाव में सेवानिवृत्ति कर्मचारियों की परेशानियां बढ़ रही है। परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच के पदाधिकारी नाहन में आज मीडिया से बातचीत कर रहे थे। परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच के अध्यक्ष मोहन सिंह ठाकुर ने कहा कि परिवहन निगम से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को कभी भी समय पर पेंशन नहीं मिल पाती है।
जनवरी 2026 की पेंशन कर्मचारियों को अभी तक नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि तीन प्रतिशत डीए की किश्त सभी विभागों के सेवानिवृत कर्मचारियों को मिल चुकी है। मगर अभी तक HRTC के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को जारी नहीं की गई है और सीधे तौर पर सरकार और प्रबंधन भेदभाव कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 3 सालों से मेडिकल बिलों का भुगतान नहीं हो रहा है आलम यह है कि HRTC के कई सेवानिवृत कर्मचारी इलाज के अभाव में स्वर्ग सिधार चुके हैं उन्होंने कहा कि सेवानिवृत कर्मचारियों के तीन से चार लाख रुपए प्रति कर्मचारी मेडिकल बिल लंबित पड़े है।
मोहन सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य कार्यकारी ने यह निर्णय लिया है कि यदि 14 फरवरी तक सेवानिवृत कर्मचारियों की मांगों को सरकार और प्रबंधन द्वारा पूरा नहीं किया जाता है तो 16 फरवरी को विधानसभा के बजट सत्र का प्रदेश भर के सेवानिवृत HRTC कर्मचारियों द्वारा घेराव किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि धर्मशाला में शीतकालीन विधानसभा सत्र के दौरान हजारों सेवानिवृत्त कर्मचारी जब धर्मशाला पहुंचे थे तो वहां भी मुख्यमंत्री ने मांगे पूरी करने का आश्वासन दिया था मगर आज तक उस पर कोई विचार नहीं किया गया।