यंगवार्ता न्यूज़ - कांगड़ा 24-02-2026
हिमाचल प्रदेश स्टेट वॉलीबॉल एसोसिएशन द्वारा शाहपुर ग्राउंड, ज़िला कांगड़ा में फर्स्ट यूथ वॉलीबॉल चैंपियनशिप (U-21) एवं मिनी हाफ मैराथन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह, अनुशासन और खेल भावना देखने योग्य रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में वॉलीबॉल संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाई। अनुराग सिंह ठाकुर ने युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि मैदान में पसीना बहाने वाले युवा ही प्रदेश और देश का भविष्य संवारते हैं। उन्होंने नई पीढ़ी को खेलों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा हिमाचल को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2014 में दायित्व संभालने पर देश का खेल बजट 800 करोड़ था और आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का खेल बजट 3700 करोड़ है, जो कि यूपीए सरकार के खेल बजट से लगभग 5 गुणा अधिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश में खेल क्रांति लाने के लिए अपनी खेल - खिलाड़ी हित की नीतियों के माध्यम से वचनबद्धता दोहराई है, प्रधानमंत्री अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के खिलाड़ियों द्वारा पदक जीतने पर या ना जीत पाने पर दोनों परिस्थितियों में मिलते हैं, खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हैं। आज जब देश 2036 ओलंपिक मेजबानी के लिए तैयारी कर रहा है तो ऐसे में हमारी प्रदेश सरकार को भी इस दिशा में आगे बढ़ना होगा , प्रदेश में खेलों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ प्रदेश में विभिन्न खेलों में प्रशिक्षकों की नियुक्तियां अति आवश्यक है, हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ भी अपनी ओर से विभिन्न खेलों में प्रशिक्षकों की नियुक्ति पर गंभीरता पूर्वक कार्य कर रहा है।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा स्टेट चैंपियनशिप से खिलाड़ियों को आगे कैंप और सिलेक्शन के चरणों में मौका मिलता है। हमारा प्रयास है कि आने वाले वर्षों में खेल संघों का विस्तार कर खिलाड़ियों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों। हमारे खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश व प्रदेश का मान बढ़े, खेलों में निवेश बढ़े, खिलाड़ियों को आर्थिक लाभ मिल , इसी लक्ष्य को लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं। इस अवसर पर विधायक ठाकुर रणवीर सिंह निक्का, पूर्व मंत्री सरवीण चौधरी, ज़िला कांगड़ा भाजपा अध्यक्ष सचिन शर्मा, अशोक वशिष्ठ, रवि दत्त शर्मा, मोनी धीमान, देवेंद्र कोहली, कार्णिक पाधा, सन्नी साहनी, विशाल शर्मा, ज़िला संयुक्त सचिव, प्रदीप शर्मा, ज़िला उपाध्यक्ष संतोष कुमार, उपाध्यक्ष राजीव वशिष्ठ, सचिव संजीव राणा, अरुण कौशल आदि भी मौजूद रहे।