विला राउंड सैरगाह को मिलेगा नया स्वरूप, इसे नाहन की पहचान बनाया जाएगा : विधायक अजय सोलंकी
नाहन शहर की ऐतिहासिक धरोहर विला राउंड–सेरगाहाँ के सौंदर्यकरण कार्य का शुभारंभ आज नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने विधिवत शिलान्यास कर किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री एवं निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार की जयंती के उपलक्ष्य में विधायक ने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
यंगवार्ता न्यूज - नाहन, 4 अगस्त, 2026 :
नाहन शहर की ऐतिहासिक धरोहर विला राउंड–सेरगाहाँ के सौंदर्यकरण कार्य का शुभारंभ आज नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने विधिवत शिलान्यास कर किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री एवं निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार की जयंती के उपलक्ष्य में विधायक ने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि विला राउंड नाहन शहर के "फेफड़ों" की तरह कार्य करता है। यह केवल एक सैरगाह नहीं, बल्कि शहर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर है। आने वाली पीढ़ियों के लिए इस विरासत को सुरक्षित एवं आकर्षक बनाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मोक्ष धाम नाहन का सौंदर्यकरण कर उसे एक गरिमामय स्वरूप प्रदान किया गया है, उसी तर्ज पर विला राउंड–सेरगाहाँ का भी ऐतिहासिक स्वरूप बनाए रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त व्यापक सौंदर्यकरण किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक वित्तीय संसाधनों की व्यवस्था की जाएगी ताकि कार्य चरणबद्ध तरीके से शीघ्र पूर्ण हो सके।
विधायक ने बताया कि सौंदर्यकरण योजना के अंतर्गत पैदल मार्गों का विकास, हरित क्षेत्र का विस्तार, आकर्षक लैंडस्केपिंग, बैठने की समुचित व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता संबंधी सुविधाएं तथा युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को ध्यान में रखते हुए ओपन जिम जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि उद्देश्य केवल निर्माण कार्य करना नहीं, बल्कि विला राउंड को ऐसा प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक स्थल बनाना है, जहां हर आयु वर्ग के लोग सुकून के पल बिता सकें।
अजय सोलंकी ने नाहन के बुद्धिजीवियों, वरिष्ठ नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं पर्यावरण प्रेमियों से भी आग्रह किया कि वे इस परियोजना के लिए अपने सुझाव दें, ताकि स्थानीय भावनाओं और ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए एक आदर्श विकास योजना तैयार की जा सके। उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि सरकार विकास कार्य कर सकती है, लेकिन उनकी सफलता तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने लोगों से विला राउंड सहित शहर के सभी सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने, पौधों की सुरक्षा करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता नाहन की ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए शहर को प्रदेश के सबसे सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित शहरों में शामिल करना है। आने वाले समय में शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों के संरक्षण एवं सौंदर्यकरण के लिए भी योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर उपायुक्त प्रियंका वर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त एकता कापटा, एसडीएम नाहन राजीव संख्यान, विभिन्न विभागों के अधिकारी, नगर परिषद के पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

