प्रदेश में 6 दिनों तक आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

प्रदेश में जून के महीने ने मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों को तपा कर रख दिया है। राज्य के निचले व मैदानी इलाकों में बुधवार को सूर्य देव के तीखे तेवरों से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, आज प्रदेश का अधिकतम औसत तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सैल्सियस अधिक दर्ज किया गया है।

Jun 11, 2026 - 12:42
 0  2
प्रदेश में 6 दिनों तक आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

यंगवार्ता न्यूज शिमला 11 जून, 2026 : 

प्रदेश में जून के महीने ने मैदानी और पहाड़ी क्षेत्रों को तपा कर रख दिया है। राज्य के निचले व मैदानी इलाकों में बुधवार को सूर्य देव के तीखे तेवरों से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, आज प्रदेश का अधिकतम औसत तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सैल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। हालांकि 11 जून से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ राज्य में दस्तक दे रहा है, जिससे छह दिनों तक मौसम करवट लेगा। बुधवार को 43.2 डिग्री सैल्सियस तापमान के साथ ऊना प्रदेश का सबसे गर्म क्षेत्र रहा।

हिल स्टेशनों में भी सामान्य से अधिक तापमान होने के कारण सैलानियों और स्थानीय लोगों को तीखी गर्मी का अहसास हुआ। शिमला में 28.3 और मनाली में 28 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। दिन के साथ-साथ रात के पारे में भी बढ़ौतरी देखी गई है। सिरमौर जिले का पांवटा साहिब 29 न्यूनतम तापमान के साथ सबसे गर्म रात वाला स्थान रहा, जबकि शिमला का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार 11 से 16 जून तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ आंधी चलने, बारिश होने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की प्रबल संभावना है। इसके लिए विभाग ने यैलो और ऑरैंज अलर्ट भी जारी किया है। 11 और 12 जून को ऑरैंज व यैलो अलर्ट रहेगा। मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने, आकाशीय बिजली कड़कने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की आशंका है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति जैसे जनजातीय जिलों में भी तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

13 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश को लेकर यैलो अलर्ट जारी रहेगा। 14 जून को हवा की रफ्तार थोड़ी कम होकर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह जाएगी, लेकिन कई क्षेत्रों में छिटपुट वर्षा का दौर जारी रहेगा। 15 और 16 जून को राज्य के विभिन्न भागों में मौसम खराब बना रहेगा और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 7 डिग्री सैल्सियस तक की भारी गिरावट आने की संभावना है। इससे लोगों को पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी और लू के प्रकोप से राहत मिलेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow