19 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
पांवटा साहिब उपमंडल के तहत धौलाकुआं स्थित एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में 19 वर्षीय छात्र प्रभात शुक्ला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए प्राथमिक साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।
यंगवार्ता न्यूज - पांवटा साहिब 21 अगस्त :
पांवटा साहिब उपमंडल के तहत धौलाकुआं स्थित एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में 19 वर्षीय छात्र प्रभात शुक्ला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए प्राथमिक साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार मृतक छात्र की पहचान प्रभात शुक्ला उम्र 19 वर्ष पुत्र अनुपम शुक्ला के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जबलपुर (मध्य प्रदेश) का निवासी था। वह धौलाकुआं स्थित संस्थान से बैचलर ऑफ आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी (BAMS) के तृतीय वर्ष में अध्ययनरत था। शुरुआती पड़ताल के अनुसार मामला आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक व अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के समय और उससे पहले की परिस्थितियों को समझने के लिए मृतक छात्र के दोस्तों, सहपाठियों और संस्थान के कर्मचारियों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्र ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया और क्या घटना से पहले उसकी किसी से कोई बातचीत हुई थी।
मामले की पुष्टि करते हुए SP सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस टीम ने घटना के तुरंत बाद कार्रवाई शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?


