कांग्रेस सरकार की विदाई का बिगुल बज चुका, अब जनआंदोलन से जनता की आवाज बनेगी भाजपा : जयराम ठाकुर

 नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकाय चुनावों में स्पष्ट संदेश दे दिया है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को अब सत्ता से बाहर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के इस जनादेश को दबाने और कुचलने के प्रयास किए गए

Jul 25, 2026 - 17:33
 0  13
कांग्रेस सरकार की विदाई का बिगुल बज चुका, अब जनआंदोलन से जनता की आवाज बनेगी भाजपा : जयराम ठाकुर
यंगवार्ता न्यूज - शिमला 25 जुलाई, 2026 :
 नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकाय चुनावों में स्पष्ट संदेश दे दिया है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को अब सत्ता से बाहर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के इस जनादेश को दबाने और कुचलने के प्रयास किए गए, लेकिन कांग्रेस सरकार अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा जताया है और प्रदेश को इस निकम्मी सरकार से मुक्ति दिलाने की जिम्मेदारी भाजपा को सौंपी है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा की विशेष बैठक में निर्णय लिया गया है कि कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों और वादाखिलाफी को लेकर पूरे प्रदेश में चरणबद्ध जनआंदोलन चलाया जाएगा। यह आंदोलन मंडल स्तर से शुरू होकर विधानसभा, जिला और प्रदेश स्तर तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के बीच जाकर कांग्रेस सरकार की विफलताओं को उजागर करेगी और हर उस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी जिससे प्रदेश की जनता प्रभावित हुई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं। भाजपा सरकार के समय बजट प्रावधान के साथ शुरू किए गए अनेक विकास कार्यों को रोक दिया गया, स्कूलों, कॉलेजों, स्वास्थ्य संस्थानों, कार्यालयों और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं पर ताले लगा दिए गए। उन्होंने कहा कि सरकार का काम विकास को गति देना होता है, लेकिन वर्तमान सरकार ने विकास को रोकने और प्रदेश को पीछे धकेलने का कार्य किया है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों के दौरान जनता से अनेक गारंटियां और बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन वादों को पूरा करने के बजाय जनता को निराश किया। युवाओं, महिलाओं, किसानों, बागवानों और कर्मचारियों के साथ धोखा हुआ है। भाजपा जनआंदोलन के माध्यम से इन झूठी गारंटियों और सरकार की वादाखिलाफी को जनता के सामने पूरी मजबूती से उजागर करेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार ने सभी सीमाएं पार कर दी हैं। जनता पर लगातार नए टैक्सों का बोझ डाला गया है, कानून-व्यवस्था की स्थिति कमजोर हुई है और प्रदेश में माफिया तंत्र सक्रिय हुआ है। इन सभी मुद्दों पर भाजपा गांव-गांव और चौक-चौराहों तक पहुंचेगी तथा जनता के साथ मिलकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगी।

जयराम ठाकुर ने कहा कि विधानसभा सत्र से पहले ही भाजपा अपने जनआंदोलन की शुरुआत करेगी। जिन स्थानों पर भाजपा सरकार के दौरान स्वीकृत और शुरू किए गए विकास कार्यों को कांग्रेस सरकार ने बंद कर दिया है, वहां जाकर जनता को वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों में जनता ने परिवर्तन की शुरुआत कर दी है और अब भारतीय जनता पार्टी इस जनादेश को अंजाम तक पहुंचाएगी।

मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तावित कैंडल मार्च पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में जयराम ठाकुर ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी का कार्यक्रम है और उसे आयोजित करना उनका निर्णय है। भाजपा को उससे कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अत्यंत गंभीरता से लिया है और केंद्र सरकार दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर संसद में विधायी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है और कांग्रेस युवाओं की भावनाओं को भड़काकर केवल राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।

अंत में जयराम ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश की जनता के साथ मिलकर इस संघर्ष को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाएगी और कांग्रेस सरकार को सत्ता से हटाने तक चैन से नहीं बैठेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow