यंगवार्ता न्यूज़ - चम्बा 24-04-2026
विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा के तत्वावधान में संचालित जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत आज महर्षि दयानन्द आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चम्बा में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एकांश कपिल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।
उन्होंने बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा पेयजल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 20 से 25 अप्रैल तक सात दिवसीय अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की थीम, जल संरक्षित करें, सुरक्षा करें एवं जल स्रोतों को पुनर्जीवित करें ( सेव आवर वाटर परिसर्व प्रोजेक्ट रिस्टोर ) निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने पेय जल संरक्षण के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं उनकी स्वच्छता बनाए रखने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलवाई।
इस दौरान बारहवीं कक्षा की छात्रा हर्षिता भूषण एवं छात्र यशवर्धन सिंह ने भी पेय जल संरक्षण विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। स्वच्छता का संदेश देने के उद्देश्य से अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी तथा विद्यार्थियों ने विद्यालय के समीप स्थित प्राकृतिक जल स्रोत (पनिहारा) पर सफाई अभियान भी चलाया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य महर्षि दयानन्द आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ब्रिज बाला सहित अध्यापक एवं विद्यार्थी भी उपस्थित रहे।