तीन साल से बदहाल सड़क, जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर लोग
सिरमौर और शिमला जिलों को हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और प्रदेश की राजधानी शिमला से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग पिछले करीब तीन वर्षों से बदहाली का शिकार है। सड़क की खराब हालत के चलते स्थानीय लोगों और यात्रियों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग (PWD) की अनदेखी के कारण यह सड़क लगातार परेशानी का सबब बनी हुई है।
यंगवार्ता न्यूज - हरिपुरधार, 9 अगस्त :
सिरमौर और शिमला जिलों को हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और प्रदेश की राजधानी शिमला से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग पिछले करीब तीन वर्षों से बदहाली का शिकार है। सड़क की खराब हालत के चलते स्थानीय लोगों और यात्रियों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग (PWD) की अनदेखी के कारण यह सड़क लगातार परेशानी का सबब बनी हुई है।
हरिपुरधार क्षेत्र से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग बसों के माध्यम से चंडीगढ़ और अन्य शहरों की ओर सफर करते हैं। खासकर हरिपुरधार-चंडीगढ़ बस सेवा से कई मरीज चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में उपचार के लिए जाते हैं। ऐसे में सड़क पर बार-बार जाम और खराब मार्ग के कारण मरीजों तथा उनके तीमारदारों की परेशानी और बढ़ जाती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कई यात्री सुबह 3 बजे उठकर करीब 4 बजे बस पकड़ते हैं, ताकि समय पर चंडीगढ़ पहुंचकर अस्पताल में अपनी बारी लगवा सकें। लेकिन रास्ते में सड़क खराब होने अथवा वाहनों के फंसने से कई बार यात्रियों को घंटों सड़क पर ही परेशान होना पड़ता है। मरीजों और उनके परिजनों को इस बात की चिंता सताती रहती है कि यदि आज अस्पताल में नंबर नहीं लगा तो अगली तारीख तक उन्हें चंडीगढ़ में कहां रुकना पड़ेगा।
लोगों का कहना है कि यह मार्ग केवल स्थानीय आवाजाही का साधन नहीं, बल्कि सिरमौर और शिमला जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए जीवनरेखा है। इसके बावजूद पिछले करीब तीन वर्षों से सड़क की हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा जगह-जगह सड़क पर जोखिम बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब यह मार्ग आम जनता, मरीजों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के लिए इतना महत्वपूर्ण है तो सरकार और प्रशासन इसकी सुध क्यों नहीं ले रहे हैं। लोगों का आरोप है कि बार-बार समस्या सामने लाने के बावजूद संबंधित विभाग के अधिकारियों के स्तर पर स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
लोगों ने यह भी कहा कि यह मार्ग राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण है और प्रदेश के प्रमुख नेताओं के क्षेत्रों को जोड़ता है। इसके बावजूद सड़क की बदहाली को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के नेताओं की ओर से प्रभावी आवाज नहीं उठाई जा रही है। लोगों ने सरकार और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत और स्थायी सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि मरीजों और आम यात्रियों को जान जोखिम में डालकर सफर न करना पड़े।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की समस्या अब केवल असुविधा का विषय नहीं रही, बल्कि यह लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बन चुकी है।
What's Your Reaction?


