मानसून सीजन को लेकर जल शक्ति विभाग अलर्ट, 2021 से 2026 तक के अनुभव के आधार पर चिन्हित किए गए ब्लैक स्पॉट
मानसून सीजन के दौरान किसी भी आपदा से निपटने के लिए जल शक्ति विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। विभाग ने पिछले वर्षों के अनुभव के आधार पर संवेदनशील स्थानों की पहचान कर ली है और जिला स्तर से लेकर उपमंडल स्तर तक विशेष तैयारियां पूरी कर ली हैं।
यंगवार्ता न्यूज नाहन 17 जुलाई, 2026 :
मानसून सीजन के दौरान किसी भी आपदा से निपटने के लिए जल शक्ति विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। विभाग ने पिछले वर्षों के अनुभव के आधार पर संवेदनशील स्थानों की पहचान कर ली है और जिला स्तर से लेकर उपमंडल स्तर तक विशेष तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मीडिया से बात करते हुए जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता इंजीनियर राजीव कुमार ने बताया कि वर्ष 2021 से 2026 तक के अनुभव के आधार पर ऐसे ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जहां हर वर्ष भारी बारिश के दौरान पेयजल योजनाएं प्रभावित होने की आशंका रहती है।
आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा के लिए विभाग ने प्रत्येक उपमंडल स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। वहीं जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता ने जिला के सभी अधिशासी अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए मानसून के दौरान हर स्थिति पर नजर बनाए रखने के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि आपदा की स्थिति में नोडल अधिकारियों के नेतृत्व में विभाग की रैपिड एक्शन फोर्स तुरंत मौके पर पहुंचकर पेयजल व्यवस्था बहाल करने का कार्य करेगी। इसके अलावा यदि किसी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बाधित होती है, तो स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर टैंकरों के माध्यम से लोगों तक पेयजल पहुंचाने का भी प्रावधान किया गया है।
जल शक्ति विभाग का कहना है कि मानसून के दौरान लोगों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह तैयार है।
What's Your Reaction?


