यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 17-04-2026
विश्व हीमोफीलिया दिवस के अवसर पर जिला सिरमौर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय नाहन स्थित डाइट में स्वास्थ्य खण्ड धगेडा द्वारा जागरूकता कार्यक्रम और स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों को हीमोफीलिया जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने डीएलएड प्रशिक्षुओं और डाइट स्टाफ कर्मियों को हीमोफीलिया के लक्षण, कारण और बचाव के बारे में जानकारी दी। इस दौरान निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्वास्थ्य की जांच करवाई। बीडीओ धगेडा डॉ मोनिषा अग्रवाल ने बताया कि हीमोफीलिया एक आनुवंशिक बीमारी है, जिसमें खून का थक्का(clotting) जमने में दिक्कत होती है। समय पर जांच और इलाज से इस बीमारी को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि पुरुषों में इस बीमारी की अधिक फैलने की संभावना रहती है।उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में मौजूद लोगों को बताया गया कि कहां-कहां पर इस बीमारी का इलाज संभव है , क्योंकि कुछ ऐसे स्थान है जहां पर इसका इलाज मुफ्त किया जाता है। उन्होंने कि हीमोफीलिया के मरीजों को नियमित जांच और सावधानी बरतनी जरूरी है। जागरूकता ही इस बीमारी से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।