कच्चीघाटी के हीरो शोरूम में भड़की आग, एक कार समेत 23 बाइक जलकर राख
कच्चीघाटी स्थित हीरो मोटरसाइकिल के शोरूम में बुधवार सुबह भड़की आग से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। शो रूम के अंदर खड़ी नई और पुरानी 23 मोटरसाइकिल जलकर पूरी तरह तबाह हो गईं। आग की लपटों से शोरूम के बाहर खड़ी एक कार भी चपेट में आकर जल गई।
शिमला 13 - 05 - 2026 :

दमकल विभाग के अनुसार आगजनी की इस घटना से 50 लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है। गनीमत यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। आसपास के रिहायशी भवनों को भी बचाया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब 9:00 बजे यहां काम करने वाले कर्मचारियों ने शोरूम खोला था। 9:30 बजे अचानक शोरूम में धमाके के साथ आग भड़क गई। कर्मचारी किसी तरह जान बचाकर बाहर निकले। आग पर काबू पाने के लिए स्थानीय लोगों को भी बुलाया।
स्थानीय निवासी नवनीत कुमार ने 9:31 बजे इसकी सूचना दमकल टीम को दी। साथ ही पुलिस को भी सूचित किया। चंद मिनटों में ही आग की लपटें इतनी बढ़ गईं कि इससे आसपास के रिहायशी मकानों को भी खतरा हो गया। लोगों ने पानी और रेत से आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग बेकाबू हो गई। दस मिनट के भीतर ही बालूगंज से दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का काम शुरू कर दिया। दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया गया।
What's Your Reaction?