यंगवार्ता न्यूज़ - नाहन 02-04-2026
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला सिरमौर के सभी छह स्वास्थ्य खंडों में 04 अप्रैल को एक अतिरिक्त एचपीवी टीकाकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश प्रताप ने देते हुए बताया कि 29 मार्च को खराब मौसम के चलते उपस्थिति प्रभावित हुई इस कारण एक अतिरिक्त शिविर लगाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि चिकित्सा खंड धगेड़ा में एमसीएच सेंटर मेडिकल कॉलेज नाहन तथा सिविल अस्पताल ददाहू तथा चिकित्सा खंड पच्छाद में सिविल अस्पताल सराहां व पीएचसी नारग तथा चिकित्सा खंड राजपुर में सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, सीएचसी राजपुर, पीएचसी सतौन, पीएचसी कुंड़ियां, पीएचसी कमरऊ, पीएचसी गोरखुवाला, पीएचसी जाखना तथा पीएचसी रामपुर भारापुर तथा चिकित्सा खंड शिलाई में सिविल अस्पताल शिलाई तथा चिकित्सा खंड राजगढ़ में सिविल अस्पताल राजगढ़ तथा चिकित्सा खंड संगडाह में सीएचसी संगडाह, सीएचसी हरिपुरधार, सीएचसी नोहराधार, पीएचसी काटिधीमान में एचपीवी वैक्सीन लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 14-15 वर्ष की आयु वर्ग की किशोरियों को यह टीका लगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एचपीवी टीकाकरण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस से सुरक्षा प्रदान करता है, जो गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर का मुख्य कारण है। यह खुराक मजबूत और लंबे समय तक चलने वाली सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि यह महिलाओं में मृत्यु दर को कम करने और दीर्घकालिक स्वास्थ्य परिणामों में सुधार करने में भी सहायक है। एचपीवी टीका अब अस्पतालों में निशुल्क लगाया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे अपनी 14-15 वर्ष की बेटियों का टीकाकरण नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रो पर अवश्य करवाएं , ताकि उन्हें भविष्य में होने वाले गंभीर रोगों से बचाया जा सके।